अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। दैनिक रेलयात्री महासंघ के प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार को स्टेशन मास्टर धर्मपाल को ज्ञापन सौंपा, जिसमें दिल्ली के लिए ट्रेन सुविधा बढ़ाने की मांग रखी। प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि महेंद्रगढ़ से दिल्ली के लिए रात के समय कोई ट्रेन सुविधा नहीं है।
दैनिक रेलयात्री महासंघ के प्रधान रामनिवास पाटौदा ने कहा गाड़ी संख्या 54790 का रेवाड़ी से दिल्ली तक विस्तार किया जाए। यह गाड़ी रात 10:30 बजे रेवाड़ी पहुंच जाती है, वापसी में यह गाड़ी सुबह चार बजकर 40 मिनट पर महेंद्रगढ़ बीकानेर के लिए जाती है रात के समय आठ घंटे रेवाड़ी जंक्शन पर खड़ी रहती है। रेवाड़ी से सात बजकर 25 मिनट पर रेवाड़ी से दिल्ली पैसेंजर ट्रेन आखिरी ट्रेन है।
इस गाड़ी का विस्तार करने से रेवाड़ी जंक्शन से जुडे़ राजस्थान, दिल्ली की जनता को काफी फायदा होगा।
हरियाणा में रेवाड़ी जंक्शन सबसे बड़ा होने के बाद भी रात के समय दिल्ली के लिए कोई ट्रेन सुविधा नहीं है। भगत की कोठी एक्सप्रेस रेवाड़ी से आठ बजकर 35 मिनट पर दिल्ली के लिए आखिरी ट्रेन है। जंक्शन होने के चलते अलग अलग गाड़ियों से लोग रात को यहां पहुंचते हैं। दिल्ली के लिए ट्रेन न मिलने के कारण रात भर स्टेशन पर इंतजार करते रहते हैं। जन सुविधा को देखते हुए रेवाड़ी जंक्शन पर वाशिंग लाइन दोबारा से चालू किया जाए।