हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा आज, 6820 परीक्षार्थी होंगे शामिल
- 5 और 6 जनवरी को होगी परीक्षा, 28 हजार परीक्षार्थी होंगे शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। महेंद्रगढ़ और नारनौल में हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पांच जनवरी को जिले में करीब 6820 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए महेंद्रगढ़ 15 और नारनौल में सात सेंटर बनाए गए हैं।
हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा को लेकर सभी सेंटरों पर जैमर, सीसीटीवी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शनिवार को लेवल तीन का पेपर होगा। परीक्षा शाम तीन से साढ़े पांच बजे तक होगी। लेवर तीन में महेंद्रगढ़ और नारनौल में 6820 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसके अलावा रविवार को लेवल दो और एक का पेपर होगा। लेवल दो का सुबह दस से दोपहर साढ़े 12 बजे तक व लेवल एक का शाम तीन से साढ़े पांच बजे तक होगा। इसमें करीब 21,221 परीक्षार्थी शामिल होंगे। महेंद्रगढ़ में एसडीएम विनेश कुमार नोडल अधिकारी व नारनौल में डीडीपीओ कुलदीप सिंह नोडल अधिकारी होंगे।
----
डीईओ ऑफिस में कंट्रोल रुम बनेगा
इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया। कंट्रोल रूम पर नियुक्त जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा अपने कार्यालय के एक अधिकारी, दो कर्मचारी और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की नियुक्ति की गई है। कक्ष से जिले के गठित उड़नदस्तों की निरीक्षण रिपोर्ट ली जाएगी। परीक्षा के लिए शिक्षा बोर्ड, सरकार व जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सभी परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष हों। सभी केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी व बायोमैट्रिक की व्यवस्था की गई है। दोनों में महेंद्रगढ़ जिले में हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए कुल 40 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 27 महेंद्रगढ़ व 13 केंद्र नारनौल में बनाए गए हैं।