नांगल चौधरी। नांगल चौधरी में एक्सरे मशीन द्वारा फर्जी लिंग जांच का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी को रेवाड़ी की पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापामारी कर गिरफ्तार किया है। जिससे 20 हजार नकदी बरामद करने के बाद केस दर्ज कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार रेवाड़ी जिले के पीएनडीटी इंचार्ज को नांगल चौधरी के एक क्लीनिक पर लिंग जांच होने की शिकायत मिली थी। जिसकी धरपकड़ को लेकर पिछले 4-5 महीने से प्रयास किए जा रहे हैं। किंतु मजबूत दलाल नहीं मिलने के कारण योजना सिरे नहीं चढ़ पा रही थी। करीब 10 दिन पहले रेवाड़ी के मुखबिर के माध्यम से एक दलाल से संपर्क हुआ। उसके सामने एक महिला की लिंग जांच कराने का प्रस्ताव रखा गया। इसके बाद दलाल ने नांगल चौधरी के क्लीनिक संचालक से संपर्क किया। पहले तो संचालक ने लिंग जांच करने से इंकार कर दिया। लेकिन मोटी फीस का लालच मिलने पर तैयार हो गया।
- सुबह सात बजे ही पहुंच गई डिकोय पेसेंट
निर्धारित कार्यक्रमानुसार डिकोय महिला पेसेंट बुधवार सुबह सात बजे नांगल चौधरी पहुंच गई। इससे पहले दलाल ने स्थानीय युवक को बस स्टैंड पर खड़ा कर दिया, जिसे महिला को क्लीनिक तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई। आरोपी युवक महिला को लेकर निजामपुर रोड पर स्थित एक क्लीनिक पर ले गया। जहां डॉक्टर को गंडाला निवासी डॉ. कृष्ण के संदेश से अवगत कराया। जिस पर क्लीनिक संचालक ने दूसरे क्लीनिक पर पहुंचने के निर्देश दिए। डॉक्टर के पीछे-पीछे आरोपी अशोक महिला को लेकर बहरोड़ रोड की तरफ चल दिया।
- एक्सरे लैब लेकर पहुंच गया आरोपी युवक
अनाज मंडी के नजदीक युवक को पूरी फीस हजम करने की सूझी। लालच के वशीभूत आरोपी ने बाइक वापस नारनौल की ओर घुमा ली और एक एक्सरे लैब पर पहुंच गया। लैब संचालक को महिला के छाती में दर्द होने का तर्क दिया और जल्द एक्सरे करने की गुहार लगाई। फोकस पड़ते ही युवक ने महिला को बाहर निकाल लिया। कहा कि रिपोर्ट एक घंटे में मिलेगी, आप फीस दे दो। जिस पर महिला ने 20 हजार रुपये युवक को थमा दिए, नकदी पॉकेट में डालते ही टीम ने दबोच लिया।
- महिला को लड़का होने की रिपोर्ट देनी थी
आरोपी युवक अशोक कुमार ने बताया कि गंडाला निवासी डॉ. कृष्ण के कहने पर महिला को क्लीनिक पर ले गया था। रुपयों का लालच आने के कारण फर्जी जांच को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि महिला को लड़का होने की रिपोर्ट देनी थी, ताकि फीस में कटौती नहीं हो। लेकिन खुद के बिछाए जाल में खुद ही फंस गया।
- पीएनडीटी के सबूत नहीं मिले, धोखाधड़ी का केस दर्ज
छापेमार टीम के इंचार्ज डॉ. विजय प्रकाश ने बताया कि डिकोय महिला की नांगल चौधरी के एक क्लीनिक पर लिंग जांच होनी थी। किंतु दलाल को लालच आने के कारण पीएनडीटी की रेड सफल नहीं हुई। आरोपी दलाल ने एक्सरे मशीन ने फर्जी लिंग जांच कर दी। जिसके खिलाफ 420 का केस दर्ज करवा दिया।
- जिले में सुधर रहा लिंगानुपात
महेंद्रगढ़ जिले की पीएनडीटी इंचार्ज डॉ. अरुण कालरा ने बताया कि लिंग जांच व कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम को लेकर विभाग सतर्क है। छापामारी के चलते जिले का लिंगानुपात में सुधार शुरू हो गया। उन्होंने बताया कि रेवाड़ी टीम द्वारा छापामारी की सूचना नहीं मिली। अन्यथा रेड को सफल बनाने के प्रयास होते।