महेंद्रगढ़ में सुधरी सड़कों की हालत
महेंद्रगढ़। सीएम के घोषणा के बाद अब महेंद्रगढ़ विधानसभा में सड़कों की हालत सुधरने लगी है। महेंद्रगढ़ में लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से 16 सड़कों पर काम हो रहा है। पांच सड़कों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है जबकि 11 सड़कों पर 90 प्रतिशत काम हो गया है। लगभग 13 वर्ष बाद इस क्षेत्र के सड़कों की हालत सुधरी है। महेंद्रगढ़ नारनौल स्टेट हाइवे की हालत ही बहुत खराब हो चुकी थी। सड़कें टूटी होने के कारण आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इन सड़कों पर हुआ काम पूरा
सतनाली के गांव जड़वा से बांसड़ी रोड 1.17 करोड़ रुपये से पूरा किया जा चुका है। 90.32 लाख रुपये से एमएसएल रोड से ढाणी नंगला, महेंद्रगढ़ से अटेली रोड 3 करोड़, आकोदा से बसई रोड 84 लाख की लागत से काम पूरा किया जा चुका है।
कहां कहां सुधरे सड़कों के हालात
बवानिया से भोजावास वाया सुंदरह 2.73 करोड़ रुपये से बनाई जा रही है जिसका 90 प्रतिशत काम पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा श्यामपुरा से सोहड़ी 1.35 करोड़, सतनाली से बास ढाणा 1 करोड़, खातोदड़ा से नांगल माला 31 लाख रुपये, महेंद्रगढ़ से डुलाना, बवानिया, बुचौली तथा सूरजनवास तक 2.55 करोड़ रुपये, कादमा से खुडाना 1.11 करोड़, सतनाली मंडी अप्रोच रोड 2.22 करोड़, महेंद्रगढ़ से सतनाली लोहारु तक 8.22 करोड़ तथा दुलोठ अहीर से ढाणी सोहला तक 1.25 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही है। पीडब्ल्यूडी बी एंड आर की 2 अगस्त 2017 की रिपोर्ट के आधार पर इन सड़कों पर लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
सीएम ने रैली में की थी घोषणा
उल्लेखनीय है कि शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने 9 अप्रैल 2016 को शहर की अटल बिहारी वाजपेयी सब्जी मंडी में रैली आयोजित की थी। इस रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की थी। रैली में शिक्षा मंत्री ने महेंद्रगढ़ विधानसभा के गांवों की सड़कों की हालात सुधारने की मांग की थी। इसके बाद सड़कों की हालत सुधारने के लिए सीएम ने 70 करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी। सीएम ने रैली में माधोगढ़ एवं महेंद्रगढ़ किले को विकसित करने के लिए 50 करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी। माधोगढ़ फोर्ट से सतनाली रोड तक 5.34 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 3 किलोमीटर की सड़क बनाई जानी थी। किंतु एनवायरनमेंट क्लीयरेंस की परमिशन नहीं मिलने के कारण अभी तक यह सड़क नहीं बन पाई।
माधोगढ़ किले तक जाने वाली सड़क के लिए भारत वन मंत्रालय को परमिशन के लिए फाइल भेजी गई है। बीच में ऑब्जेक्शन लग जाने के कारण वापस आ गई थी। अब सभी ऑब्जेक्शन को दूर कर एक महीने पहले फाइल दोबारा भेज दी गई है। परमिशन आ जाने पर पेड़ों की कटाई की जाएगी।
राजेश कुमार, जिला वन अधिकारी
महेंद्रगढ़ विधान सभा क्षेत्र में सीएम के घोषणा के अनुसार लगभग 16 सड़कें बनकर तैयार हैं। इन सड़कों पर 34 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
-राजवीर शर्मा, एसडीओ