पहली और दूसरी काउंसलिंग में दाखिले से वंचित रहे आवेदकों को भी मिलेगा अवसर
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) में सत्र 2017-18 के लिए जारी दाखिला प्रक्रिया के अंतर्गत मंगलवार 25 जुलाई को तीसरी काउंसलिंग होगी। पहली और दूसरी काउंसलिंग के बाद रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए होने वाली इस काउंसलिंग के लिए मेरिट लिस्ट गुरुवार 20 जुलाई को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी जाएगी। विश्वविद्यालय तीसरी काउंसलिंग में उन विद्यार्थियों को भी प्रवेश का अवसर देगा, जो किसी कारण से पहली और दूसरी काउंसलिंग में शामिल नहीं हो सके थे या शामिल होने के बाद भी उनका दाखिला नहीं हो पाया था। दाखिला मेरिट के आधार पर होगा। विद्यार्थी दस्तावेजों की जांच के बाद ऑनलाइन और ऑफ लाइन दोनों माध्यमों से फीस जमा कर सकेंगे।
ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया समिति के सह संयोजक डॉ. कश्यप कुमार दुबे ने बताया कि पहली और दूसरी काउंसलिंग में किसी कारण से दाखिला लेने से रह गए विद्यार्थियों को तीसरी काउंसलिंग में भी अवसर दिया जाएगा। इन्हें मेरिट के आधार पर दाखिला प्रदान किया जाएगा। बता दें कि दाखिला प्रक्रिया में विभिन्न आरक्षित श्रेणियों के लिए निर्धारित सीटों पर संबंधित श्रेणी के विद्यार्थियों को ही दाखिला दिया जाएगा।
डॉ. दुबे के अनुसार दाखिले के लिए आवेदक को केंद्रीय विश्वविद्यालय संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीयूसीईटी)-2017 के लिए भरे गए फॉर्म में हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय का विकल्प चुना होना और सीयूसीईटी के नतीजे घोषित होने के बाद विश्वविद्यालय में दाखिले के लिए किए गए पंजीकरण का प्रिंट आउट साथ लाना अनिवार्य है। तीसरी काउंसलिंग के अंतर्गत मंगलवार 25 जुलाई को आवेदक को सुबह 10 से 12 बजे के बीच संबंधित विभाग में रिपोर्ट करनी होगी। इसके बाद संबंधित विभाग उपस्थित आवेदकों की मेरिट लिस्ट जारी करेंगे। दस्तावेजों की जांच के बाद फीस भुगतान की प्रक्रिया शुरू होगी। निर्धारित दाखिला कार्यक्रम के अनुसार फीस का भुगतान 26 जुलाई शाम चार बजे तक किया जा सकेगा।