महेंद्रगढ़। कस्बा सतनाली स्थित राजकीय पीजी महाविद्यालय में नए सत्र में स्नातक यानी यूजी संकाय में केवल 700 विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाएगा। युवा 7 मई से आवेदन कर सकेंगे और अंतिम तिथि 31 मई निर्धारित की गई है।
संस्थान में यूजी में तीन कोर्स संचालित किए जा रहे हैं और इनमें 700 सीटें उपलब्ध हैं। सबसे अधिक सीटें बीए में उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं, पीजी की 120 सीटों पर दाखिला प्रक्रिया चलेगी। संस्थान को आईजीयू से अनुबंधित किया गया है और इसमें पाठ्यक्रम व फीस इसी के अनुसार ही लिए जाते हैं।
संस्थान में लड़के व लड़कियों की दो एनएसएस यूनिट हैं। इनके अलावा एक सामान्य लाइब्रेरी भी विद्यार्थियों के लिए बनाई गई हैं। वहीं, अगर लैब की स्थिति देखें तो एक कंप्यूटर लैब, केमिस्ट्री लैब, बोटनी लैब, फिजिक्स लैब, ज्योग्राफी लैब आदि की व्यवस्था है।
इनमें विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक कार्य करवाया जाता है। इसी तरह खेल गतिविधियों के लिए संस्थान के पास उचित मैदान है। इसमें वॉलीबाल, दौड़, शॉटपुट आदि के लिए ग्राउंड बनाए गए हैं। साथ सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए ऑडिटोरियम की व्यवस्था है।
ये रहेगा दाखिला शेड्यूल
यूजी दाखिला के लिए 7 से 31 मई तक युवा ऑनलाइन आवेदन कर पाएंगे। फिर 1 मई तक गलती ठीक करने का समय और 2 जून को ऑब्जेक्शन सूची प्रकाशित होगी। इसी तरह 6 जून तक ऑनलाइन सत्यापन होगा और 11 जून को फाइनल सूची प्रकाशित होगी और इस सूची के आवेदक 12 जून तक फीस भर पाएंगे। दूसरी 17 को जारी होगी और इसकी फीस 22 जून तक भरी जाएगी। 24 जून से फिजिकल काउंसिलिंग कर दाखिले दिए जाएंगे।
-
ये रही कोर्स और सीटों की स्थिति
कोर्स - सीटों की संख्या
बीए - 380
बीएससी मेडिकल - 60
बीएससी नॉन मेडिकल - 180
बीकॉम - 80
एमए भूगोल - 40
एमए इतिहास - 40
एमएससी केमिस्ट्री - 40
- वर्जन:
नए सत्र में नया पाठ्यक्रम शुरू नहीं किया गया है और न ही सीटों की संख्या में किसी प्रकार का उतार-चढ़ाव आया है। हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। युवा किसी भी दिन आकर संस्थान की व्यवस्था व दाखिला संबंधी जानकारी ले सकते हैं।
-अनिल कुमार, नोडल अधिकारी, महाविद्यालय, सतनाली