कॉलेजों में पहली कटऑफ सूची जारी होने के बाद मंगलवार तक पीजी कॉलेज में 686 विद्यार्थियों ने फीस जमा करवाई हैं। जबकि 488 विद्यार्थियों ने अभी तक ऑनलाइन फीस जमा नहीं करवाई है। पहली मेरिट सूची में 1174 विद्यार्थियों को 8 अक्तूबर तक फीस जमा करवानी है। अब फीस भरने का केवल एक दिन शेष रह गया है। इसके बाद ऑनलाइन फीस जमा नहीं होगी और विद्यार्थियों का एडमिशन रद्द कर दिया जाएगा। 10 अक्तूबर को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी होगी।
पीजी कॉलेज नारनौल में 1500 सीटों के लिए 4255 विद्यार्थियों ने दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। जिसमें 1174 विद्यार्थियों को पहली कटऑफ लिस्ट में शामिल किया था। जिसमें से 686 विद्यार्थियों ने अब तक ऑनलाइन फीस जमा करवाई है। 488 विद्यार्थी ऐसे है जिन्होंने अभी तक ऑनलाइन फीस जमा नहीं करवाई है। पीजी कॉलेज के एडमिशन नोडल अधिकारी सतीश सैनी ने बताया कि बीए में 246, बीकॉम में 86, बीबीए में 10, बीसीए में 13, बीएससी नॉन मेडिकल में 227, बीएससी मेडिकल में 93 व बीएससी कम्प्यूटर में 11 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन फीस जमा करवाई है। उन्होंने बताया कि मेरिट सूची जारी होने के बाद दो दिन तक फीस का लिंक नहीं मिलने के कारण विद्यार्थी फीस जमा नहीं करवा पाए थे। जिसको लेकर उच्चतर विभाग ने 8 अक्तूबर तक फीस भरने की अंतिम तिथि बढ़ा दी थी। ऑनलाइन फीस जमा करवाने का बुधवार को अंतिम दिन है। इसके बाद ऑनलाइन फीस नहीं भरी जाएगी।