अमर उजाला ब्यूरो
नांगल चौधरी। शहर के प्रमुख बाजारों से दिनभर गुजरने वाले डंपरों से हमेशा दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। जिससे सब्जी बेचने वाले दुकानदारों में भय बना रहता है। दुकानदारों ने जिला पुलिस कप्तान से दिन के समय डंपरों के प्रवेश पर पाबंदी लगाने की मांग की है।
दुकानदार राजू सुरेश, कृष्ण, हरि सिंह, जितेंद्र, गोपी, रवि, यादराम, राजेश दुकानदारों ने बताया कि नांगल चौधरी में क्रशर जोन व पत्थर खदान होने के कारण शहर के प्रमुख बाजारों से दिनभर पत्थरों से भरे वाहन गुजरते रहते है। इससे जहां दिनभर शहर में जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं, दुकानदारों पर हादसे का खतरा बना रहता है। डंपरों से कब पत्थर गिर जाए इसका कोई पता नहीं होता। डंपरों से बाजारों में दो लोगों की जानें भी जा चुकी है। लेकिन बावजूद इसके डंपरों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। दुकानदार ने एसपी से गुहार लगाकर डंपरों की दिन में बाजारों में प्रवेश पर पाबंदी लगाने की मांग की है।