अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल/महेंद्रगढ़। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं का हिंदी की परीक्षा आयोजित की गई। जिले के 33 परीक्षा केंद्रों पर 9700 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा दी। इस दौरान उड़नदस्तों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सात नकलची पकड़े। वहीं, शनिवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई।
शनिवार को अमर उजाला के नारनौल संवाददाता ने परीक्षा केंद्रों की पड़ताल की। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती होने के बाद भी बाहरी युवकों में पुलिस कर्मचारियों का कोई खौफ नजर नहीं आ रहा था। पुलिस मुकदर्शक बनकर देखती रही। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की सख्ती के बावजूद नारनौल शहर के दोनों सेंटरों पर नकल हो रही है। कक्षा में पेपर बंटते ही आधे घंटे बाद प्रश्नपत्र बाहर लोगों के मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए पहुंच गया। इसके बाद युवकों ने परीक्षार्थियों के पास नकल भेजनी शुरू कर दी।
डीसी गरिमा मित्तल ने कहा कि किसी भी सूरत में नकल नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने एसडीएम और शिक्षा विभाग को परीक्षा केंद्रों का दौरा करके उचित कार्रवाई करने की बात कही। दूसरी ओर प्रश्नपत्र दस्ते नारनौल के प्रभारी विनोद कुमार, रामकुमार और अमित की टीम ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल का दौरा कर दो नकलची पकड़े। जबकि उड़नदस्तों की टीम ने महेंद्रगढ़ और कनीना में पांच नकलची पकड़े।
दोपहर 1:07 बजे
अमर उजाला की टीम गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक बजकर सात मिनट पर पहुंची। मेन गेट पर पुलिस बल तैनात था और शरारती तत्व नहीं थे। यहां से टीम स्कूल के पीछे पहुंची तो वहां नकल करवाने वाले युवकों का जमावड़ा लगा हुआ था। युवकों ने बताया कि पेपर शुरू होने के आधे घंटे के बाद परीक्षार्थियों को पर्ची पहुंचाना शुरू कर देते हैं। स्कूल के पीछे की ओर पुलिस बल तैनात न होने के कारण पर्ची करवाने वाले युवक के हौसले बुलंद दिखाई दिए। पेपर के सभी सेट युवकों के मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिये आए हुए थे। जिस कारण युवक अपने जानकार के कोड के अनुसार पर्ची बनाकर भेज रहे थे।
बता दें कि गर्ल स्कूल के एक तरफ कॉलेज कैंपस, दूसरी तरफ मेन रोड तथा स्कूल के तीसरी तरफ मंदिर से सटा हुआ खाली प्लॉट है। इसी चहारदीवारी को फांदकर युवक परीक्षार्थियों तक नकल पहुंचाते हैं। नांगल चौधरी के एक युवक ने बताया कि उसके चचेरा भाई परीक्षा दे रहा है, उसकी पर्ची देने आया हूं।
1:31 बजे
टीम सीनियर सेकेंडरी स्कूल बाल में 1:31 बजे पहुंची। यहां भी नकल करवाने वाले युवकों का जमावड़ा लगा हुआ था। युवक परीक्षा केंद्र की पीछे वाली दीवारों पर चढ़े हुए थे। परीक्षा केंद्र की मुख्य गेट से देखने पर ऐसा लग रहा था कि बाहरी युवकों को रोकने के लिए पूरे प्रबंध किए हुए हों। जब टीम अंदर जाकर देखा तो स्कूल के बायीं ओर के गेट पर युवक पर्ची डालकर भाग रहा था। परीक्षा केंद्र में कमरो की खिड़कियों के पास पर्ची पड़ी हुई थी।
नारनौल के कार्यवाहक बीईओ पवन भारद्वाज व सेंटर प्रभारी से इस बारे में पूछा गया तो वे सही जवाब नहीं दे सके। उन्होंने तुरंत कैंपस के अंदर झाडू़ लगवाकर सफाई करवाई। हालांकि इस दौरान परीक्षा के अंदर तैनात कर्मचारियों का नकल करवानेे में अहम रोल रहा। अंदर तैनात कर्मचारी बाहरी युवकों से मिलने जा रहे थे।
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र पर पुलिस हुई सख्त
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय महेंद्रगढ़ में दो दिन से बाहरी हस्तक्षेप होने के कारण परीक्षार्थी जमकर नकल रहे थे। अमर उजाला टीम ने परीक्षा केंद्र पर बाहरी हस्तक्षेप का मामला प्राथमिकता से उठाया था। शनिवार को परीक्षा केंद्र पुलिस की संख्या बढ़ा दी गई। साथ ही पीसीआर भी लगाई गई। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए नकल करवाते एक युवक को भी पकड़ा, लेकिन उसको बाद में चेतावनी देकर छोड़ दिया था।
वर्जन
सोमवार से सभी परीक्षा सेंटरों पर और सख्ती की जाएगी। ताकि परीक्षा के दौरान शरारती तत्वों पर नजर रखी जा सके। यदि 12वीं कक्षा का हिंदी का पेपर परीक्षा शुरू होने के बाद व्हाट्सएप पर वायरल हुआ रहा है तो मामले की जांच कराई जाएगी। हालांकि ऐसा मामला अभी सामने नहीं आया है।
- अजीत सिंह, डीईओ, नारनौल।