अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। स्वच्छ भारत अभियान के तहत पुलिस कर्मियों ने सोमवार को शिवरात्रि के दिन थाना परिसर में सफाई अभियान चलाया। कर्मचारियों ने परिसर से पुराने वाहनों व कबाड़ को बाहर निकाला। पुरानी फाइलों, बेकार हो चुके सामान को भी परिसर से हटाया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन के आदेश पर थाना परिसर में पुलिस कर्मचारियों ने सफाई अभियान चलाया। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने कहा कि परिसर को स्वच्छ रखना सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। थाना परिसर में पड़ी पुरानी फाइलों को खोलकर दोबारा से सेट किया गया। जिसमें बिना जरूरत की फाइलों को हटाया गया। परिसर में खड़ी दुपहिया गाड़ियों को वहां से हटाकर बाहरी हिस्से में शिफ्ट किया गया। थाना परिसर के चारों ओर पड़े कूड़े-कचरे को उठाया गया। थाना परिसर में पड़ी क्षतिग्रस्त बाइकों को क्षतिग्रस्त थी उनको उनको दूसरी जगह पर जगह पर भेजा गया। थाना परिसर की पुरानी बिल्डिंग में भी पुलिस कर्मियों ने सफाई की। घास-फूस को हटाते हुए वहां सफाई की गई। थाना प्रभारी ने अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परिसर में कहीं पर गंदगी नजर नहीं आनी चाहिए। परिसर में आने वाले लोगों के साथ सम्मान के साथ बात करें। सभी वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा किया जाए। किसी भी एरिया में प्लास्टिक की बोतल, कप प्लेट पॉलिथिन बैग आदि नजर नहीं आने चाहिएं।