अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। मुख्यालय की मांग को लेकर रविवार को महेंद्रगढ़ सम्मान संघर्ष समिति ने जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही शिक्षामंत्री रामबिलास का पुतला फूंका। वहीं समिति का अनिश्चितकालीन धरना 10वें दिन भी जारी रहा। संघर्ष समिति के प्रधान राजबीर यादव ने आरोप लगाया कि शिक्षामंत्री केवल झूठे आश्वासन देते हैं। 9 जनवरी को प्रो. शर्मा ने धरना स्थल पर आकर सम्मान संघर्ष समिति के सदस्यों को 10 फरवरी तक उनकी मांग पूरी करवाने का आश्वासन दिया था। उन्होंने आश्वासन दिया था कि 10 फरवरी तक महीने में तीन दिन उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक महेंद्रगढ़ बैठेंगे। लेकिन अभी तक इस संबंध सरकार की ओर से कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ। सरताज जन सेवा समिति के पीआरओ कुलदीप यादव ने बताया कि मंत्री के आश्वासन पर 41 दिन तक चले धरने को सम्मान संघर्ष समिति ने समाप्त कर दिया था। इस अवसर पर अजय सिगड़िया, दिनेश सोनी, मोनी यादव, विक्रम माजरा, संदीप स्वामी, बाबुलाल, अजीत देवराली, सुरेंद्र, संदीप, शंकरलाल, योगेश, सुरेंद्र बंटी, पवन, कुलदीप, मनोज उपस्थित थे।