अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़।
वार्ड नंबर-1 में स्थित नई बस्ती वासियों ने 15 दिनों से पानी की सप्लाई न आने पर रेलवे रोड पर मटके फोड़कर करीब एक घंटे तक जाम लगाया और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी नवल किशोर ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, किंतु वार्ड वासी अपनी बात पर अडिग रहे। इसके बाद एसडीओ प्रदीप यादव एवं जेई नरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचकर आधे घंटे में पानी की सप्लाई देने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। वहीं, जनस्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जल्द अवैध कनेक्शन एवं मोटर चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अधिकारियों ने कहा कि जलघरों के टैंक खाली होने के कारण सप्लाई नहीं दी जा रही थी। सोमवार को नहर में पानी आने के बाद टैंकों को भरना शुरू कर दिया है।
बस्ती वासियों ने बताया कि कॉलोनी में लगभग 40 घर हैं। सभी घरों में पिछले 15 दिनों से पानी की समस्या चल रही है। उन्होंने बताया कि पानी की कमी के चलते महिलाएं पीने का पानी 500 मीटर दूर अनाज मंडी एवं को-ऑपरेटिव बैंक से लाती हैं। नहाने और अन्य कामों में प्रयोग के लिए 400 रुपये का एक टैंकर मंगवाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग को कई बार मौखिक एवं लिखित में शिकायत कर चुके हैं किंतु अभी तक समस्या दुरुस्त नहीं हो पाई। इसलिए उन्होंने मजबूरीवश जाम लगाया है। बस्ती निवासी सुबह दस बजे रेलवे रोड पर पहुंचे जहां पर उन्होंने मटके फोड़कर अपने गुस्से का इजहार किया। इसके बाद रोड पर पंप लगाकर जाम लगा दिया। साथ ही जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। एसडीओ प्रदीप यादव ने लगभग 11 बजे पहुंचकर आधे घंटे में सप्लाई देने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
शहर में काटे जाएंगे पांच हजार अवैध कनेक्शन:
एसडीओ प्रदीप यादव ने बताया कि शहर में आए दिन पानी की समस्या को लेकर जाम एवं प्रदर्शन किए जा रहे हैं। विभाग अब अवैध कनेक्शन वालों के खिलाफ शिकंजा कसेगा। इसके अलावा पानी की मोटर चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। शहर में काफी घर ऐसे हैं, जिनमें दो-दो पानी के कनेक्शन कर रखे हैं। जबकि वैध एक ही कनेक्शन है। फिलहाल शहर में करीब 11 हजार पानी के कनेक्शन है। इनमें से करीब छह हजार कनेक्शन वैध हैं। जबकि पांच हजार कनेक्शन अवैध हैं। अवैध कनेक्शनों को काटने के लिए विभाग तीन टीमों का गठन करेगा। ये टीमें घर-घर जाकर कनेक्शन एवं पानी की मोटरों को चेक करेंगी। जिस उपभोक्ता के पास अवैध कनेक्शन या मोटर चलती मिली तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस काम के लिए विभाग पुलिस फोर्स की भी सहायता लेगा।
वर्जन:
नई बस्ती वासियों को 11.30 बजे पानी की सप्लाई शुरू करवा दी थी। पिछले कुछ दिनों से नहर नहीं आई थी। सोमवार को नहर में पानी आ गया है और विभाग ने खाली टैंकों को भरना शुरू कर दिया है। अब पानी की दिक्कत नहीं रहेगी। साथ ही विभाग ने अवैध कनेक्शन वालों के खिलाफ अभियान चलाने का फैसला लिया है। ताकि हर घर को पानी मिल सके।
- प्रदीप यादव, एसडीओ जनस्वास्थ्य विभाग अभियांत्रिकी, महेंद्रगढ़।
वर्जन:
नई बस्ती में पानी की समस्या थी। पानी की कमी के चलते सप्लाई का प्रेसर नहीं बन पाता। जो पानी आता है वो मोटर चलाकर खींच लेते हैं, जिससे पानी आगे नहीं पहुंच पाता। जेई को बोलकर पेयजल लाइन चालू करवा दी थी। अब नहर में पानी आ गया है तो पानी की समस्या नहीं रहेगी।
- डॉ. तरुण, वार्ड पार्षद।