मांगों के लिए आंगनबाड़ी वर्करों ने किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। समायोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका यूनियन की कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं ने शुक्रवार को जिला प्रधान लक्ष्मी देवी व सचिव गायत्री देवी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लघु सचिवालय में एकत्रित होकर प्रदर्शन कर महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन के नाम जिला प्रशासन को सौंपा। इस प्रदर्शन में एक जनवरी 2017 से बाल सेविका से आंगनबाड़ी वर्कर व बाल सहायिका से आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर समायोजित की गई जिला महेंद्रगढ़ के 14 केंद्रों से आई आंगनबाड़ी वर्करों व हेल्परों ने भाग लिया।
इस अवसर पर जिला प्रधान लक्ष्मी देवी ने बताया कि प्रदेश में जिला बाल कल्याण परिषदों के तहत लगभग 650 शिशुपालन केंद्रों पर काम करने वाली बाल सेविकाओं और उनकी हेल्परों को आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर के पद पर समायोजित कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि समायोजन के आठ माह बाद भी हमें अभी तक मानदेय और महिला व बच्चों का पोषाहार और आंगनबाड़ी केंद्रों को मिलने वाला सामान नहीं मिला हैं। इससे आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने मांग की है कि जनवरी 2017 से अगस्त 2017 तक का बजट देकर आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर के सामान मानदेय दिलवाया जाए और पोषाहार शीघ्र भिजवाया जाए। इस मौके पर एआईयूटीयूसी के जिला सचिव कामरेड सुभाष चंद, मास्टर सूबे सिंह, लक्ष्मी देवी, गायत्री देवी, अनीता शर्मा, सुनीता, राजेश यादव, संतोष, कमला, सुजीता, मंजू देवी, विनोद, शांति, इन्द्रावती आदि उपस्थित थी।