संवाद न्यूज एजेंसी
महेंद्रगढ़। शहर स्थित जिला शिक्षा व प्रशिक्षण संस्थान में 15 दिसंबर से टीजीटी शिक्षकों का प्रशिक्षण शुरू होगा। इसमें जिले के हिंदी और सामाजिक विज्ञान के 55 शिक्षक भाग लेंगे। प्रशिक्षण में शिक्षकों को क्षमता संवर्धन की जानकारी दी जाएगी।
कोऑर्डिनेटर धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि डायट सुपरिडेंट बाबूलाल यादव की अध्यक्षता में कार्यक्रमों का संचालन होगा। प्रशिक्षण का आयोजन एससीईआरटी गुरुग्राम की ओर से कराया जा रहा है। इसमें जिला के 20 हिंदी विषय शिक्षक व 35 सामाजिक विज्ञान विषय के शिक्षक भाग लेंगे।
प्रशिक्षण का मूल उद्देश्य शिक्षकों की क्षमता संवर्धन करना है। इसमें बतौर मास्टर ट्रेनर हिंदी विषय के लिए डॉ. सुरेंद्र व सामाजिक विज्ञान के डॉ. राकेश यादव शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों की शिक्षा गुणवत्ता पर ध्यान दिया जा रहा है।
इसके लिए नई शिक्षा नीति 2020 के अनुसार ही शिक्षकों को तैयार किया जा रहा है। इसमें शिक्षकों की ग्रहण करने की क्षमता बढ़ाई जा रही है। इससे शिक्षक जितना ज्यादा ज्ञान अर्जित करेंगे, उतनी ही जानकारी वे विद्यार्थियों को दे पाएंगे।
अब बोर्ड की परीक्षाएं भी नजदीक आ रही हैं और शिक्षकों को नए तरीके बताकर शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाई जाएगी। इससे विद्यार्थियों को भी परीक्षा पास करने में आसानी रहेगी।
एससीईआरटी की ओर से प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। इसमें शिक्षकों की क्षमता पर मुख्य रूप से फोक्स किया जाएगा। इसका सीधा लाभ विद्यार्थियों की शिक्षा पर पड़ेगा और यहां से टिप्स लेकर शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ाए गए पाठ्यक्रम को समझने व याद रखने में सक्षम बनाएंगे। -बाबूलाल यादव, सुपरिडेंट, डायट महेंद्रगढ़