महेंद्रगढ़। जिले में एचबीएसई बोर्ड परीक्षाओं के लिए जिला मुख्यालय की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए जिले में 52 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और जहां निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। वहीं, दो केंद्रों को सेंसेटिव कैटेगरी में शामिल किया गया है।
जिले में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से कक्षा दसवीं व 12वीं की 25 फरवरी से परीक्षाएं शुरू की जा रही हैं। विद्यार्थी परीक्षा पत्र साइट से डाउनलोड कर सकते हैं।
जिला मुख्यालय में अब जल्द ही सभी ऑब्जर्वर व सुपरिटेंडेंट को बैग दिए जाएंगे और 24 फरवरी को अपने केंद्र पर जाकर रिपोर्ट करनी होगी। परीक्षा का समय सुबह साढ़े 9 बजे से साढ़े 12 बजे तक रहेगा।
सभी विद्यार्थियों को साढ़े 9 बजे तक केंद्र पर पहुंचना होगा। इस दौरान विद्यार्थियों की वर्दी व प्रवेश पत्र जांच किए जाएंगे। सभी सेंटरों पर बोर्ड की ओर से सीसीटीवी की व्यवस्था की जा रही है।
परीक्षा की निगरानी के लिए बोर्ड सीसीटीवी के माध्यम से नजर रखेगा और परीक्षा का संचालन भी जांच जाएगा। उत्तर पुस्तिका की जांच भी ऑन स्क्रीनिंग माध्यम से होगी। इससे जांच करते समय अंकों की गलियां नहीं होगी।
-
नकल रोकने के लिए पहुंचेंगे उड़नदस्ते
बोर्ड की परीक्षाओं में नकल व बाहरी हस्तक्षेप रोकने के लिए उड़नदस्ते परीक्षा केंद्रों पर दबिश देंगे। इसमें एसडीएम, डीईओ, बीईओ, बोर्ड, एडीसी, स्पेशल उड़नदस्ते शामिल होंगे। हर परीक्षा केंद्र पर उड़नदस्ते छापेमारी कर नकल करने वाले विद्यार्थियों पर कार्रवाई करेंगे। सेहलंग स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और नारनौल के कृष्ण नगर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को सेंसेटिव परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर विभाग की अधिक नजर रहेगी।
-
किस खंड में कितने केंद्रों पर होगी परीक्षा
खंड का नाम - परीक्षा केंद्रों की संख्या
महेंद्रगढ़ - 15
कनीना - 09
नारनौल - 28
- वर्जन:
जिले में 52 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और सभी परीक्षार्थियों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था की गई है। 23 फरवरी को केंद्र ऑब्जर्वर व सुपरिटेंडेंट को बैग दिए जाएंगे। सभी विद्यार्थी समय पर पहुंचे।-विश्वेश्वर कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी, महेंद्रगढ़