नांगल चौधरी। बिजली निगम द्वारा सौभाग्य योजना के तहत बुधवार को शहबाजपुर में कैंप लगाया गया। इस दौरान 25 ग्रामीणों ने बिजली कनेक्शन के लिए फाइल जमा कराई। निर्धारित शुल्क अदायगी के बाद कनेक्शन रिलीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
निगम के एसडीओ कुलबीर सिंह ने बताया कि गांवों में कई लोग आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। जो मीटर, केबल तथा धरोहर राशि एकमुश्त भरने में सक्षम नहीं। उनकी सुविधा के लिए सरकार द्वारा सौभाग्य योजना चलाई गई है। जिसके तहत सभी गांवों में जागरूकता कैंप लगाए जाएंगे। निगम के कर्मचारी कनेक्शन लेने के इच्छुक ग्रामीणों की मौके पर ही फाइल तैयार करेंगे। इसके बाद 200 रुपए की रसीद काटकर मीटर व केबल उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बुधवार को शहबाजपुर में कैप लगाया गया। पंचायत भवन में एकत्रित ग्रामीणों को समय पर बिल अदायगी करने तथा बिजली बचत करने की प्रेरणा दी गई। इस दौरान 25 ग्रामीणों ने कनेक्शन के लिए आवेदन किया है। जिन्हें अगले 2-3 दिन में विभिन्न औपचारिकता पूरी करने के बाद बिजली सप्लाई मुहैया करवा दी जाएगी। जल्द ही अन्य गांवों में भी कैंप लगाने का शेड्यूल बनाया जाएगा। इस मौके पर कनिष्ठ अभियंता सत्यपाल, लाइनमैन जितेंद्र डांगी, सुरेश व दीपक आदि मौजूद थे।