शिक्षामंत्री ने जागृति मंच के सदस्यों को किया सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। राजकीय प्राथमिक पाठशाला इकबालपुर में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने पर शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने वीरवार को स्कूल जागृति मंच के सदस्यों को सम्मानित किया।
शिक्षा विभाग के निर्देशन में सतनाली विद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता सम्मान समारोह के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश लावनियां और शिक्षामंत्री को अपने गांव के प्राथमिक विद्यालय को अपग्रेड करने संबंधी अनुरोध पत्र सौंपते हुए जागृति मंच के सदस्यों ने स्कूल के विकास के लिए ग्रामीणों की अनूठी पहल के क्रियान्वयन की जानकारी दी। मंच सदस्यों तथा ग्राम पंचायत के सदस्यों ने बताया कि उनके गांव के प्राथमिक विद्यालय में कुल दो विद्यार्थी ही रह गए थे। इन हालातों में स्कूल कभी भी बंद हो सकता था लेकिन ग्राम पंचायत व जागृति मंच के सदस्यों के सहयोग से इस सत्र में 107 बच्चों का दाखिला करवाया। इसके अलावा विद्यालय विकास हेतु 7 लाख रुपये का आर्थिक योगदान देकर गांव के लोगों ने एक मिशाल पेश की है। इस मौके पर ग्राम सरपंच मुकेश यादव, कृष्णा आर्य, राजकुमार जांगड़ा, अमरसिंह महरानिया, कप्तान हरिसिंह, सुरेश पंच, सुरेंद्र कुमार, अशोक प्रधान, संजय शर्मा तथा केसरीनंदन आदि मौजूद रहे।