अप्रैल माह में पड़ी जबरदस्त गर्मी के बाद एक बार फिर से सूर्य देव ने तेवर तल्ख कर लिए हैं। जिसके चलते अधिकतम तापमान के साथ-साथ अब न्यूनतम तापमान भी बढ़ने लगा है। गर्मी बढ़ने के कारण लोगों को दिन में ही नहीं, बल्कि रात को भी चैन नहीं है। शुक्रवार रात को तीन बजे तक गर्म हवाएं चलीं। शनिवार को अधिकतम 46.7 व न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस बार 20 व 21 अप्रैल को ही पारा 45.5 डिग्री पर चला गया था। वहीं मई माह में भी आठ, नौ व दस मई को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद 14 मई को तापमान 45.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके बाद 15 मई का मौसम परिवर्तित हो होने के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं शुक्रवार जहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं न्यूनतम तापमान भी 26.5 डिग्री दर्ज किया गया था। शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को न्यूनतम 1.5 डिग्री तथा अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री की बढ़त दर्ज की गई।
नारनौल वासी अमित यादव, ईश्वर सिंह, अशोक कुमार, ललित कुमार व सन्नी आदि ने बताया कि दो दिनों से तापमान में आई तेजी के कारण जीना मुहाल हो गया है। तापमान में आई इस तेजी से दिन के समय घर से भी बाहर नहीं निकला जा रहा है। वहीं शाम होने पर भी गर्म लू के कारण राहत नहीं मिल रही है। इसके अलावा दिन के समय दो घंटे से भी ज्यादा समय तक बिजली के कट लग रहे हैं। जिससे परेशानी ज्यादा बढ़ गई है।