माडलिंग के सेमीफाइनल में पहुंचा नारनौल का छोरा दीपक
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। गुरुग्राम में चले मिस्टर एंड मिसिज इंडिया स्पीयर कोंटिनेंटल-2017 अवार्ड के नारनौल का छोरा दीपक सैनी सेमीफाइनल में पहुंच गया है। अब वह सफलता के दो कदम दूर है। इसका फाइनल 24 से 29 सितंबर के बीच चंडीगढ़ में होगा।
शहर के मोहल्ला पीरआगा निवासी राजन सैनी का बेटा दीपक सैनी इन दिनों गुरुग्राम में फैशन डिजाइनिंग का चार वर्षीय कोर्स कर रहा है। दो माह पहले दीपक को वाट्सअप और फेसबुक के माध्यम से मिस्टर एवं मिसिज इंडिया स्पीयर कोंटिनेंटल-2017 की जानकारी हुई। मॉडलिंग में रुचि होने की वजह से दीपक ने गुरुग्राम में ऑडिशन दिया। इसके दो दिन बाद इंटरव्यू और फिर रैंप वॉक, ग्रुप डिस्कशन हुआ। इसमें सफलता मिलने के 15 दिन बाद चंडीगढ़ में सेमी फाइनलिस्ट चुना गया। अब चंडीगढ़ में ही 24 से 26 सितंबर तक सेमी फाइनल और 29 को ग्रेंड फिनाले होगा। इसमें जज रणविजय सिंह होंगे। इस संबंध में दीपक सैनी ने कहा कि पढ़ाई के साथ उनकी मॉडलिंग में रुचि है। अब पहली बार प्लेटफार्म मिला है। फिलहाल वह फाइनल से दो कदम दूर है। उनका पूरा ध्यान इस प्रतियोगिता में लगा है।