खेलकूद प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। एक अगस्त से ब्लाक स्तर पर होने वाले खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए शुक्रवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिले के डीपीई व पीटीआई की बैठक हुई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश लावणिया मुख्यातिथि के रूप में मौजूद थे।
शिक्षा अधिकारी ने सभी डीपीई व पीटीआई को खेलकूद प्रतियोगिताओं से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों में अनुशासन बनाए रखने व बेहतर रिजल्ट के लिए सभी डीपीई व पीटीआई का आभार जताया। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि 1 से चार अगस्त तके जिले के महेंद्रगढ, नारनौल, अटेली, नांगल चौधरी व कनीना ब्लाक में स्कूली बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। एक और दो अगस्त को 14, 17 व 19 आयु वर्ग के लड़कों की प्रतियोगिता करवाई जाएगी। जबकि 3 व 4 अगस्त को 14, 17 व 19 आयु वर्ग के लड़कियों की प्रतियोगिताएं करवाई जाएगी।
डीईओ ने बताया कि ब्लाक स्तर पर फुटबाल, हैंडबाल, योग, खो-खो, वालीबॉल, हॉकी, बास्केटबाल, क्रिकेट, टेबल टेनिस, कबड्डी नेशनल स्टाइल, बैडमिंटन व एथलेटिक्स प्रतियोगिता करवाई जाएगी। बैठक में कपिल पुनिया, मान सिंह, एईओ रमेश चंद, एईईओ डा. हंसराज, सुरेंद्र, महेंद्र व अनिल सहित अनेक डीपीई व पीटीआई मौजूद थे।