फोटो नंबर- 04कर्मचारी कॉलोनी में दिनदहाड़े तोड़े गए गाड़ी के शीशे। संवाद
नारनौल। शहर में बदमाश बेखौफ हो गए हैं। बदमाशों ने दिनदहाड़े नरूला होटल के पीछे स्थित कर्मचारी कॉलोनी के समीप रिहायशी क्षेत्र में खड़ी एक गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। नकदी भी लेकर भाग गए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
गांव भूषण कलां की सरपंच सविता यादव के पति राकेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने बस स्टैंड के समीप सत्य प्लाजा कॉम्पलेक्स में आर्यभट्ट नाम से कोचिंग सेंटर खोला हुआ है। इस सेंटर में रोजाना अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से आते हैं। राकेश अपनी गाड़ी को रोजाना की भांति कर्मचारी काॅलोनी के पास सत्यपाल दहिया के मकान के पास खड़ी करते हैं। शनिवार सुबह करीब 11 बजे उसको फोन पर सूचना मिली कि उसकी गाड़ी के शीशे टूटे हैं।
पुलिस को दी शिकायत में राकेश ने बताया कि उसके सेंटर के पास मुंह पर कपड़ा बांध बाइक सवार दो युवक आए थे। जहां वे युवक बाहर उसके व उसकी गाड़ी के बारे में पूछताछ कर रहे थे। साथ ही इन युवकों ने हाथों में डंडा व कुल्हाड़ी ली थी। राकेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं है। उसे शक है कि युवक जान से मारने की नीयत से आए थे। साथ ही वे गाड़ी के शीशे को तोड़कर पत्नी सविता के पंचायती कागजा के अलावा गाड़ी में रखे करीब 40 हजार रुपये भी चुरा ले गए। इस संबंध में सरपंच पति ने महावीर चौकी पुलिस को शिकायत दे दी है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच व मौका मुआयना कर कार्रवाई शुरू कर दी है।