नारनौल। अनाज मंडी स्थित खाद केंद्र पर बुधवार को 382 बैग डीएपी व 100 बैग टीएसपी का वितरण किया गया। खाद केंद्र पर अब केवल 518 बैग डीएपी व 130 बैग टीएसपी उपलब्ध है।
खाद केंद्र पर जिस संख्या में किसान खाद लेने के लिए आ रहे हैं उसे देखते हुए यदि आगामी एक दो दिन में खाद की खेप केंद्र पर नहीं पहुंचती है तो किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अनाज मंडी स्थित खाद केंद्र पर सरसों की बिजाई से पहले प्रति वर्ष औसतन 10 हजार से 13 हजार तक डीएपी बैग का वितरण किया जाता है लेकिन गत एक माह में मांग के अनुसार केवल 50 प्रतिशत डीएपी बांटी गई।
खाद केंद्र द्वारा गत एक माह में करीब 5500 बैग डीएपी, एक हजार एनपीके और 1500 बैग टीएसपी का वितरण किया जा चुका है।
सरसों की बिजाई से पहले किसानों के बीच डीएपी की जबरदस्त मांग बनी हुई है। 1 अक्तूबर से अब तक जिले भर में 3338 मीट्रिक टन डीएपी व टीएसपी बांटी जा चुकी है। वहीं 873 मीट्रिक टन एनपीके भी वितरित की गई।
इंसेट
इन जगहों पर खाद बांटी जा रही
नारनौल व महेंद्रगढ़ स्थित सोसाइटी में खाद वितरित की जा रही है। इसके अलावा निजामपुर, तलोट, बवानिया, बेवल, सिहमा, दुलोठ और सतनाली स्थित पैक्स पर भी खाद बांटी जा रही है लेकिन कई गांव ऐसे भी है जहां पैक्स बने हुए हैं वहां वितरण नहीं किया जा रहा। जिस कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वर्जन :
सभी केंद्र पर खाद का वितरण सुचारू रूप से किया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार सभी केंद्रों पर खाद की खेप पहुंचाई जा रही है। अभी 1100 मीट्रिक टन डीएपी व टीएसपी और 1500 मीट्रिक टन एनपीके वितरण के लिए है।
संजय, गुणवत्ता नियंत्रक निरीक्षक, कृषि विभाग, नारनौल।