नारनौल। 21 जून को होने वाली नीट (नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट) के लिए जिले में पूरी तैयारी कर ली गई है। जिले में कुल 9 परीक्षा केंद्रों पर 3800 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। डिपो प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर जाने के लिए 4 रूट बनाए हैं जिनमें नारनौल में 3 और महेंद्रगढ़ में 1 रूट शामिल है।
इसके अलावा, छात्रों के लिए बस स्टैंड से परीक्षा केंद्रों तक विशेष बसों का संचालन किया जाएगा। सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक बस स्टैंड से अलग-अलग परीक्षा केंद्रों के लिए बसें चलाई जाएंगी। वहीं, परीक्षा समाप्त होने के बाद शाम 5 बजे से 7 बजे तक परीक्षा केंद्रों से वापस बस स्टैंड तक बस सेवा उपलब्ध रहेगी।
अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड दिखाकर हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। हालांकि, उनके साथ आने वाले अभिभावकों को किराया देना होगा।
उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बताया कि प्रशासनिक स्तर पर निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेटों और कार्यकारी मजिस्ट्रेटों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। साथ ही सुरक्षा जांच में लगे कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।
केंद्रों के बाहर बनेंगे प्रतीक्षालय
उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बताया कि लघु सचिवालय के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम को कंट्रोल रूम बनाया गया है और डीआईओ प्रशांत कुमार को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं, गर्मी के मद्देनजर परीक्षा केंद्रों के बाहर छांव, टेंट, कूलर व पंखों से लैस प्रतीक्षालय भी तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही, पीने के पानी की व्यवस्था, प्राथमिक उपचार किट, एम्बुलेंस व विशेष चिकित्सा टीमों और अस्थाई शौचालयों की व्यवस्था भी की जाएगी।
शहर के 9 प्रमुख स्थानों पर लगेंगे नाके
परीक्षा की तैयारियों को लेकर पुलिस अधीक्षक दीपक व डीएसपी भारत भूषण ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात को व्यवस्थित रखने और परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए अलग-अलग परीक्षा केंद्रों के अनुसार 6 विशेष पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर के 9 प्रमुख स्थानों पर नाके लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए जिले में करीब 290 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी के जवान गश्त पर रहेंगे और दंगा रोधी उपकरणों के साथ 2 पुलिस रिजर्व टीमें भी बनाई गई हैं।
-
दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिलेगा अतिरिक्त समय
नीट 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक संचालित होगी जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार अतिरिक्त समय प्रदान करते हुए शाम 6:20 बजे तक का समय दिया जाएगा। वहीं, परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11:00 बजे से ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। वहीं केंद्रों पर परीक्षा के लिए निर्धारित कमरे में समय देखने के लिए दीवार घड़ियां भी लगाई गई हैं।
-
परीक्षा केंद्रों के लिए बनाए गए रूट
रूट नंबर- 01 : नारनौल बस स्टैंड से गोशाला रोड़ होते हुए तीन परीक्षा केंद्रों राजकीय महाविद्यालय, राजकीय महिला महाविद्यालय व पीएमश्री कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तक जाएगी। इन तीनों केंद्रों पर 2 मिनी बसों का संचालन किया जाएगा।
रूट नंबर-2 : नारनौल बस स्टैंड से महावीर चौक व हीरो होंडा चौक होते हुए सिंघाना रोड स्थित केंद्रीय विद्यालय व कृष्ण नगर स्थित राजकीय महाविद्यालय तक जाएगी। इन दोनों केंद्रों पर 2 बसों का संचालन किया जाएगा।
रूट नंबर-03 : नारनौल बस स्टैंड से महावीर चौक व सैनी धर्मकाटा होते हुए मेहता चौक स्थित मॉडल संस्कृत स्कूल तक जाएगी। इस केंद्र पर 2 बसों का संचालन किया जाएगा।
रूट नंबर- 04 : महेंद्रगढ़ बस स्टैंड से राव तुलाराम चौक होते हुए राजकीय महिला महाविद्यालय, राजकीय महाविद्यालय व मॉडल संस्कृति विद्यालय तक जाएगी। इन तीन केंद्रों के लिए 2 बसों का संचालन किया जाएगा।
-
केंद्रों के अनुसार बनाए पार्किंग स्थल
1. नारनौल : रेलवे स्टेशन, पार्किंग
2. नारनौल : पुरानी अनाज मंडी, पार्किंग
3. नारनौल: सुभाष स्टेडियम पार्किंग
4. नारनौल : नागरिक अस्पताल स्थित ट्रामा सेंटर के सामने पार्किंग
5. महेंद्रगढ़ : कोर्ट कॉम्प्लेक्स पार्किंग
6. कृष्ण नगर : राजकीय महाविद्यालय का मैदान
-
वर्जन :
परीक्षा के लिए बस स्टैंड से परीक्षा केंद्रों तक रूट अनुसार बसों का संचालन किया जाएगा ताकि अभियार्थियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। अभियार्थियों को निशुल्क सफर की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी, हालांकि अभिभावकों के लिए अभी कोई निर्देश जारी नहीं किए गए है।
-देवदत्त, महाप्रबंधक, नारनौल डिपो