जिले में शुक्रवार को हवलदार, सिंचाई विभाग के जेई और दुकानदार समेत 37 नए कोरोना संक्रमित मिले। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 1342 हो गई है। वहीं शुक्रवार को 35 कोरोना संक्रमित मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। जिले में कुल 918 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना के 423 केस अभी भी एक्टिव हैं। कोरोना मरीजों को लेकर नारनौल लगातार हॉट स्पॉट बना हुआ है।
सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि नारनौल शहर के कंटेनमेंट जोन में एंटीजन टेस्ट कराया गया है। इसमें शाम को 21 कोरोना मरीज मिले हैं। उन्होंने बताया कि शहर में बढ़ते मरीजों को देखते हुए दो दिन के लिए प्रशासन ने बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि इससे चेन तोड़ने में मदद मिलेगी। वहीं शुक्रवार को छह मोबाइल टीमों ने 478 लोगों की स्क्रीनिंग की है। जिले में 21 अगस्त तक 89117 नागरिकों की स्क्रीनिंग की गई है।
कोविड-19 के प्रभारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस लाइन निवासी हेड कांस्टेबल कोरोना संक्रमित मिला है। कर्मी की पोस्टिंग दौंगड़ा अहीर पुलिस चौकी में थी। मोहल्ला पुल बाजार का मरीज पहले के संक्रमित के संपर्क में कोरोना मरीज हुआ है। हुडा निवासी संक्रमित सिंचाई विभाग में जेई है। पहले उसके पिता मरीज मिले थे। मोहल्ला प्राणपुरा में तीन घरों में 13 लोग कोरोना मरीज मिले हैं। इसमें 11 एक ही परिवार के लोग हैं। सभी पहले के कोरोना मरीज के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। मोहल्ला फ्रांसखाना में आठ कोरोना मरीज मिले हैं। सभी एक ही घर से हैं। पहले घर का एक युवक संक्रमित मिला था।
गांव बजाड़ में कोरोना के आठ संक्रमित मिले
मंडी अटेली। अटेली सीएचसी के अंतर्गत बजाड़ गांव में आठ, उनिंदा, अटेली और कुंजपुरा में एक-एक कोरोना केस मिले हैं। गांव बजाड़ में कुल 22 केस होने के बाद जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम शंभु राठी, बीडीपीओ ओमप्रकाश,एसएमओ डॉ.विजय यादव ने कंटेनमेंट जोन का दौरा कर ग्रामीणों को घरों से बाहर नहीं निकलने के आदेश दिये हैं। गांव की सरपंच के पति की शोक सभा में सरपंच पुत्र के 14 अगस्त को मिलने के बाद गांव में कोरोना का संक्रमण हुआ है। सरपंच समेत उसकी दो बहने व आंगनवाड़ी वर्कर भी संक्रमित हो चुकी हैं। 65 वर्षीय व्यक्ति के अलावा तीन पंच तथा दो महिला संक्रमित मिले हैं। गांव उनिंदा में संक्रमित 57 वर्ष का है, जो बिजली निगम में ठेकेदारी का कार्य करता है, रेवाड़ी में बिजली के कर्मियों से संक्रमित हुआ है। अटेली कस्बे में मिली 51 वर्षीय महिला संक्रमित महिला झंडा चौक में बने हॉट स्पॉट क्षेत्र से है, इसको जयपुर में रेफर कर दिया है। अटेली कस्बे में इस समय करीब कोरोना के 25 सक्रिय संक्रमित केस हैं। इसके अलावा कुुंजपुरा में तीन दिन पहले पति के बाद अब शुक्रवार को पत्नी संक्रमित हुई। महिला के पति बावल किसी कंपनी में काम करता है, वहीं पर संक्रमित हुआ था।
कोरोना संक्रमित की सूची :
बजाड़ -7
नांगल सिरोही - 1
गोमला -1
उंनिदा -1
नूनी अव्वल -1
पुलिस लाइन नारनौल-1-
मोहल्ला पुल बाजार नारनौल - 1
हुडा सेक्टर- 1-
अटेली मंडी -1
कुंजपुरा - 1
मोहल्ला प्राणपुरा नारनौल-13
मोहल्ला फ्रांसखाना नारनौल-8