नारनौल। गांव छितरौली स्थित सरकारी खेल नर्सरी में 35 खिलाड़ियों को फुटबाल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ये खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
खेल नर्सरी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 5 खिलाड़ियों ने वर्ष 2023 में अंबाला में आयोजित खेल महाकुंभ में प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था। सीनियर स्टेट प्रतियोगिता में 2 खिलाड़ियों ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था। खेल नर्सरी में फुटबॉल का मैदान बनाया गया है, जिसका रखरखाव किया जाता है।
विज्ञापन
गांव छितरौली खेल नर्सरी में झज्जर निवासी कोच संजू खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहीं हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल प्रतियोगिताओं में कई पदक जीते हैं। संजू ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए हिसार और कोल्हापुर में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लिया था। इन प्रतियोगिताओं में उनकी टीम ने स्वर्ण पदक और रजत पदक जीते थे। वहीं केरल में आयोजित राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भी उनकी टीम ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
वर्जन :
खेल नर्सरी में खिलाड़ियों को सभी सुविधाएं दी गई हैं। हमारा प्रयास है कि सभी खिलाड़ियों को नियमित रूप से प्रशिक्षण दिया जाए ताकि वे बेहतर खिलाड़ी बन सकें। लक्ष्य है कि खेल नर्सरी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ी राष्ट्रीय फुटबॉल टीम में प्रतिनिधित्व करें।-संजू, फुटबॉल कोच।