महेंद्रगढ़। मंगलवार सुबह महेंद्रगढ़ क्षेत्र में हुई 33.5 एमएम बारिश से पूरे शहर में जलभराव हो गया। जन स्वास्थ्य विभाग व नगरपालिका के जलभराव से निपटने की तैयारियों की पहली अच्छी बारिश में पोल खुल गई। शहर में 20 से अधिक स्थानों पर जलभराव ने दिनभर लोगों की परेशानी बढ़ा दी।
बस स्टैंड, सिनेमा रोड, गोशाला रोड, अनाज मंडी के नजदीक, एसडीएम आवास सहित मुख्य सड़कों पर जलभराव से दिनभर आवागमन बाधित रहा। नागरिक अस्पताल के पुराने भवन में बने टीबी, बाल रोग, एचआईवी विभागों के सामने जलभराव होने से लोगों के साथ-साथ चिकित्सकों को भी पहुंचने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
अस्पताल का पुराना भवन अधिक नीचे होने के कारण यहां हर वर्ष जलभराव होता है। वहीं, शहर में करीब 20 स्थानों पर एक से दो फीट तक पानी जमा होने से दिनभर लोग परेशान होते रहे।
विधायक व उपमंडल अधिकारी उतरे पानी में
मंगलवार को सुबह शहर में पानी निकासी की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए विधायक कंवर सिंह यादव व उपमंडल अधिकारी अनिल कुमार ने डेढ़ घंटे तक पूरे शहर में जलभराव का निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक व उपमंडल अधिकारी स्वयं पानी में उतरे और हालातों को देखते हुए जन स्वास्थ्य विभाग, नगरपालिका व सिंचाई विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। उन्होंने आदेश दिए कि शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए पर्याप्त पंप सेट एवं अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी होनी चाहिए। पूरे शहर में पानी निकासी की लचर व्यवस्था देख विधायक व उपमंडल अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए पानी निकासी की पर्याप्त व्यवस्थाएं करने के आदेश दिए। मंगलवार सुबह आठ बजे तक नारनौल में 35.5 एमएम, महेंद्रगढ़ में 33.5, कनीना में 30 एमएम, नांगल चौधरी में 25.8, सतनाली में 18.5 तथा सबसे अधिक अटेली क्षेत्र में 46.6 एमएम बारिश दर्ज की गई।
-
यहां दिनभर लोगों को उठानी पड़ी परेशानी
शहर के नागरिक अस्पताल, बस स्टैंड, रेलवे रोड, गोशाला रोड, विश्वकर्मा चौक, आईटीआई रोड, मोहल्ला महायचान, माजरा चुंगी, रिवासा पुल के पास, मोहल्ला कुम्हारान, कृष्णा कालोनी, नगरपालिका कार्यालय, सिनेमा रोड, 11 हट्टा बाजार से कॉलेज मोड, मोहल्ला पड़ाव सहित शहर में करीब 20 स्थानों पर जलभराव होने से दिनभर लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
- वर्जन
शहर में जलभराव की समस्या का विधायक के साथ जायजा लिया गया। मौके पर जन स्वास्थ्य विभाग, नगरपालिका, मार्केट कमेटी व सिंचाई विभाग के अधिकारियों को बुलाकर पानी निकासी की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जहां-जहां हालात खराब हैं वहां से शीघ्रता से पानी निकासी के लिए विभागों के अधिकारियों को पर्याप्त पंपसेट, इंजन व अन्य व्यवस्थाओं के साथ अलर्ट मोड पर रहने के आदेश दिए गए हैं। -अनिल कुमार यादव, उपमंडल अधिकारी नागरिक, महेंद्रगढ़।