नारनौल। लोक निर्माण विभाग की ओर नारनौल से निजामपुर तक की सड़क के नवीनीकरण का कार्य शुरू हो गया है। करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क के कार्य को जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य है। अभी यह सड़क सात मीटर चौकी और इसे दस मीटर चौड़ा किया जा रहा है। इसके बन जाने से वाहनों का आवागमन सुगम हो सकेगा।
नारनौल-निजामपुर रोड पर वाहन चालकों को जल्द ही उबड़-खाबड़ सड़क से जल्द निजात मिलने वाली है। लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क का नवीनीकरण शुरू कर दिया गया है। सड़क का नारनौल के हीरो होंडा चौक से नवीनीकरण व चौड़ाई बढ़ाने का कार्य शुरू हो गया है। इसके तहत सड़क के दोनों सड़क का विस्तार और पुलिया का निर्माण किया जा रहा है। हीरो होंडा चौक से निजामपुर (चौ. देवीलाल चौक) तक सड़क की लंबाई करीब 14 किलोमीटर है, जबकि चौड़ाई महज सात मीटर है। इससे वाहन चालकों को परेशानी होती है। इस सड़क पर वाहनों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जा रही है।
टू लेन की होगी सड़क
वर्तमान में रोड की चौड़ाई सात मीटर है। जिसे बढ़ाकर 10 मीटर किया जा रहा है। सड़क की चौड़ाई बढ़ने से वाहन चालकों को राहत मिलेगी। विभाग की ओर से सड़क के नवीनीकरण व विस्तार के लिए 22 करोड़ का बजट रखा गया है। इस बीच पहले से बनी करीब सात पुलियों का भी दोबारा से निर्माण होगा।
इन गांवों को मिलेगा फायदा
निजामपुर सड़क के चौड़ा होने से स्थानीय के साथ राजस्थान के लोगों को लाभ मिलेगा। गांव जोरासी, बसीरपुर, कारोली, मारोली, तलोट, छिलरो और निजामपुर के साथ-साथ आसपास के गांवों को भी लाभ मिलेगा। इस मार्ग से खेतड़ी और पाटन की ओर जाने वाले यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। इस क्षेत्र में काफी संख्या में क्रशर हैं।
नारनौल से निजामपुर तक की सड़क का नवीनीकरण का कार्य शुरू हो गया है। रोड की चौड़ाई सात मीटर से बढ़ाकर दस मीटर की जा रही है। इस कार्य को जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बन जाने से नारनौल से निजामपुर जाने वाले वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
-जोगेंद्र सिंह, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, नारनौल