नारनौल। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डॉ. गरिमा मित्तल ने मंगलवार को आईटीआई गर्ल्स व पीआर सेंटर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ईवीएम-वीवीपैट के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डीसी सबसे पहले आईटीआई में बनाए गए स्ट्रांग रूम पहुंची। उन्होंने दरवाजों पर सीलिंग का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने पीआर सेंटर में भी दरवाजों पर लगी सीलिंग की जांच की। उन्होंने दोनों ही जगहों पर रखे गए रजिस्टर पर हस्ताक्षर करने के बाद सुरक्षा का जायजा लिया। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्ट्रांग रूम के बाहरी हिस्सों में बिजली सप्लाई लगातार रहनी चाहिए। इसके अलावा यहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे आदि के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर कानूनगो रामफल के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। बता दें कि यहां पर चारों विधानसभा की ईवीएम-वीवीपैट मशीनें रखी हुई है। सेंटर की सुरक्षा के लिए करीब सौ हरियाणा पुलिस व अर्ध सैनिक बलों को शिफ्ट वाइज तैनात किया गया है। इसके अलावा सेंटर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।