सीएम दरबार में माइनिंग अफसर और कंडक्टर पर गिरी गाज
अवैध खनन मामले में माइनिंग अफसर और छेड़छाड़ मामले में कंडक्टर निलंबित
-262 में से मुख्यमंत्री ने सुनीं 50 शिकायतें, 212 करते रह गए इंतजार
फोटो नंबर चार से 18
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। सीएम मनोहरलाल ने सोमवार को यहां के ऑडिटोरियम में जनता दरबार लगाया। इस दौरान आईं कुल 262 शिकायतों में से केवल 50 शिकायतें ही सुनी गईं। वहीं सभी शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए उन्हें अधिकारियों को जल्द निपटाने का आदेश दिया। नलवाटी व गुर्जरवाटी में हो हरे अवैध खनन के मामले में सीएम ने जिला खनन अधिकारी राजेश सांगवान को सस्पेंड करने के आदेश दिए। वहीं एक अन्य पीड़िता की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए सतनाली से केंद्रीय विश्वविद्यालय के बीच चलने वाली रोडवेज की बस के कंडक्टर रघुवीर को भी सस्पेंड कर दिया।
मुख्यमंत्री के दो दिवसीय प्रवास कार्यक्रम के आखिरी दिन आयोजित जनता दरबार में 262 पंजीकृत शिकायतें आईं। वहीं 50 शिकायतें पंजीकरण के बाद भी आईं। इस मौके पर सीएम ने कहा कि सरकार जीरो टालरेंस की नीति पर चल रही है। भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने पेयजल लाइन में अवैध कनेक्शन की शिकायत पर जनस्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी की लाइन में अवैध कनेक्शन करने वालों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कराएं। इस मौके पर शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, जनस्वास्थ्य मंत्री बनवारी लाल, सांसद धर्मवीर सिंह, विधायक नारनौल ओमप्रकाश यादव, विधायक नांगल चौधरी डॉ. अभय सिंह यादव, बीजेपी जिला प्रधान शिवकुमार मेहता, जिला प्रमुख राजेश देवी, नगर पालिका परिषद चेयरमैन भारती सैनी, गोपालशरण गर्ग, जेपी सैनी, गोबिंद सिंह, मनीष मित्तल व देवेंद्र कौशिक आदि रहे।
शिकायत कर्ताओं की लाइन, कई बार हुआ हंगामा
सीएम दरबार में शिकायतकर्ताओं की लाइन सुबह छह बजे से ही लग गई थी। सुबह सात बजे रजिस्ट्रेशन शुरू हुए थे। पंजीकरण का कार्य दोपहर दो बजे तक चला। वहीं परिवाद शुरू होने के बाद भी बाहर लाइन लगी रही। वहीं शिकायतकर्ताओं के बीच कई बार हंगामा भी हुआ। वहीं वृद्ध बाहर बैठे हुए नजर आए।
मेरे देवर की पुलिस लाइन में हत्या हो गई थी। मगर इस बारे में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब सीएम से उम्मीद लेकर आई हूं।
-राजबाला
मेरे को किडनी को इलाज कराना था। इसलिए सीएम से मिला। सीएम ने 50 हजार रुपये दिए। इसके लिए आभारी हूं।
-हेमंत कुमार
सरपंच होने के बाद भी तीन साल से कोई ग्रांट नहीं मिल रही। इस कारण विकास कार्य नहीं हो रहे। विकास कार्य न होने से परेशानी हो रही है।
-मीना सैनी, सरपंच
विपक्षी लोग परेशान करते हैं। अवैध कब्जे की भी समस्या है। जीतने के बाद से अभी तक विपक्षी बिना वजह शिकायत करते रहते हैं। सीएम से बहुत उम्मीद लेकर आए हैं।
-माया देवी, सरपंच
विकलांग हूं, इसलिए सहायता की आवश्यकता थी। सीएम ने 50 हजार रुपये देकर सम्मान किया है। इसके लिए मैं सीएम की आभारी हूँ।
-ममता देवी
कई जगह धक्के खा चुकी हूं। कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। अब सीएम से उम्मीद लेकर आई हूं। जनता दरबार से बहुत उम्मीदें हैं।
-कृष्णा देवी
फोटो = जनता दरबार में लोगों की शिकायतें सुनते मुख्यमंत्री मनोहर लाल।