जिसकी सबसे ज्यादा जरूरत उसको हंसी में टाल गए सीएम
मेडिकल कॉलेज खुलने के मामले में पत्रकारों से कहा आप ही बता दो कहां बनवाएं
प्रद्युमभन मामले में कहा, पुलिस की जांच भी सही और सीबीआई की भी सही, न्याय मिलना चाहिए
फोटो नंबर 25
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार को यहां के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकारवार्ता में जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जाने के स्थान को लेकर किए गए प्रश्न को हंस कर टाल गए। सीएम ने केवल इतना कहा कि हर जिले में मेडिकल कॉलेज खुलना है। उन्होंने पत्रकारों से ही पूछा कि कहां खोलें आप ही बता दो?
सीएम ने एनसीआर व हरियाणा पंजाब में छाये स्माग के बारे में कहा कि यह समस्या विकराल है। इसमें किसी एक राज्य को दोषी ठहराया जाना गलत है। मगर अब इस समस्या का सबको मिलकर समाधान निकालना होगा। उन्होंने प्रद्युम्न हत्याकांड के बारे में कहा कि पुलिस ने अपनी जांच सही की थी। अब मामला सीबीआई के पास है, जो भी जांच चल रही है, वह सही है। केवल पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए।
सीएम ने पत्रकारों से कहा कि दक्षिणी हरियाणा में जिन टेलों पर कभी पानी नहीं पहुंचा था, उनमें इस बार हमने पानी पहुंचाया है। इस क्षेत्र के लिए 143 करोड़ रुपये की लागत से उठान सिंचाई परियोजना का जीर्णोद्धार किया। नई मोटर व बिजली की लाइन अलग करने से यहां की नहरों की क्षमता बढ़ी है। इस कारण इस बार जिले के अंतिम छोर तक पानी पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि एसवाईएल का पानी लाने के लिए भी हमारी सरकार गंभीर प्रयास कर रही है। सीएम ने कहा कि पानी रिचार्ज के लिए राज्य में 14 हजार तालाबों के जीर्णोद्धार के लिए अथॉरिटी का गठन किया है। राज्य सरकार शिवाली में 9 डैम भी बनाएगी ताकि बारिश के सीजन में वहां पानी को एकत्रित करके सीजन के बाद उसका इस्तेमाल किया जा सके। राज्य में 24 घंटे बिजली देने के सवाल पर सीएम ने कहा कि सरकार बनने के बाद बिजली निगम के लाइन लॉस को 30 से 24 फीसदी तक लेकर आए हैं। इस कारण 12 हजार करोड़ की बचत हुई है। राज्य के जिस भी फीडर पर लाइन लॉस 20 फीसदी से कम आएगा, वहां पर 24 घंटे बिजली मुहैया करवाई जाएगी। सरकार ने राज्य के 4 जिलों में 24 घंटे बिजली मुहैया करवा दी है। उन्होंने कहा कि पहली बार राज्य में अध्यापकों के लिए तबादला नीति बनाई, जिससे 93 फीसदी अध्यापकों को अपने तीन विकल्प के स्टेशन मिले हैं।