अब 200 बेड का होगा जिला अस्पताल, धौलेड़ा में बनेगी आईटीआई
-सीएम ने किया 87 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन
फोटो नंबर 24
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को जिले में आगमन पर 10 विकास परियोजनाओं की घोषणाएं कीं। इसके अलावा उन्होंने 10 परियोजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन भी किया। यहां पर सीएम ने आयुष विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने नागरिक अस्पताल नारनौल को 100 से बढ़ाकर 200 बेड करने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने गांव नांगल कालिया, मेघोत हाला, थनवास, ढाणी बाठोठा व मंडलाना में पशु औषधालय खोलने की घोषणा की। नारनौल में किसी स्थान पर संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने धौलेड़ा में आईटीआई व नसीबपुर के सरकारी स्कूल के भवन को दोबारा बनाने की घोषणा की। नांगल चौधरी से निजामपुर सड़क मार्ग को 10 मीटर चौड़ा करने का ऐलान किया।
सीएम ने जिले में लगभग 87 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन लघु सचिवालय के नजदीक स्थित सभागार भवन परिसर से किया। उन्होंने सभागार से ही गांव पटीकरा में लगभग 25 करोड़ की लागत से तैयार हुए आयुर्वेद कालेज व अस्पताल का उद्घाटन किया। सतनाली में लगभग 11 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से तैयार राजकीय कालेज, गांव भोजावास में लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से तैयार आईटीआई, महेंद्रगढ़ में लगभग 5 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से राजकीय आईटीआई में एक विंग, महेंद्रगढ़ के खेल स्टेडियम में लगभग 3 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से तैयार स्विमिंग पूल के अलावा गांव सुंदरह में लगभग 2 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से तैयार 33 केवी सब स्टेशन व गांव पाली में 2 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से तैयार 33 केवी सब स्टेशन का उद्घाटन किया।
इसी प्रकार कनीना में लगभग 14 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से बनने वाला 50 बेड के अस्पताल भवन का शिलान्यास किया। अटेली राजकीय कालेज में लगभग 13 करोड़ 53 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सभागार, नांगल चौधरी में लगभग 2 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत बनने वाले बस स्टैंड का शिलान्यास किया। इस मौके पर शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, जनस्वास्थ्य मंत्री बनवारी लाल, आयुष विभाग के निदेशक डॉ. साकेत कुमार, सांसद धर्मवीर, विधायक नारनौल ओमप्रकाश यादव, विधायक नांगल चौधरी डा. अभय सिंह यादव, डीसी गरिमा मित्तल व देवेंद्र कौशिक आदि रहे।