फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो दिन से बारिश जारी, किसान खुश, शहरवासी परेशान

विज्ञापन
विज्ञापन
दो दिन से बारिश जारी, किसान खुश, शहरवासी परेशान
विज्ञापन

महेंद्रगढ़-नारनौल। एक महीने के बाद क्षेत्र में सोमवार से शुरू हुई रिमझिम बारिश मंगलवार को भी जारी रही। लगातार हो रही बारिश से जहां किसानों के चेहरे एक बार फिर खिल उठे। वहीं शहर के निचले इलाकों में बारिश का पानी जमा होने से स्थानीय लोगों व राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बारिश के कारण कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति कई घंटों तक बाधित रही। वहीं कई हिस्सों में बिजली की दिनभर आंख-मिचौली चलती रही। महेंद्रगढ़ में सोमवार को दिन के समय हल्की बूंदा बांदी हुई और रात को 9 से 10 बजे एक घंटा तेज बारिश हुई। मंगलवार दोपहर तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। सोमवार रात आठ बजे से मंगलवार सुबह आठ बजे तक महेंद्रगढ़ में 58 और कनीना में 57 एमएम बारिश दर्ज की गई है। वहीं अधिकतम 5 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार का अधिकतम तापमान 29 डिग्री तथा न्यूनतम 26 डिग्री दर्ज किया गया।
बारिश का लोगों ने उठाया लुत्फ
पिछले एक सप्ताह से आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद भी बारिश नहीं होने के कारण लोगों का उमस व गर्मी से बुरा हाल हो रहा था। नहरें सूखी रहने व बारिश नहीं आने के कारण किसानों के चेहरे पर मायूसी सी छाने लगी थी। सिंचाई के अभाव में ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की खरीफ की फसल भी सूखने लगी थी। सोमवार से शुरू हुई बारिश मंगलवार को भी जारी रहने से किसानों के चेहरे पर फिर से रौनक आ गई है। बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया। जिसका लोगों ने पूरा लुत्फ उठाया। युवाओं ने जहां मौसम का बाइकों पर आनंद लिया तो बच्चों ने पार्क में झूले झूलकर आनंद उठाया।
विज्ञापन

जल भराव से बढ़ी परेशानी
बारिश के कारण शहर के विभिन्न स्थानों पर जलभराव हो गया। रेलवे स्टेशन परिसर में बरसाती पानी जमा होने से यात्रियों की परेशानी का सामना करना पड़ा। गंगा देवी नेत्र चिकित्सालय रोड पर पानी घुटनों तक भरा हुआ है। इस रास्ते पर दो नेत्र चिकित्सालय, एक किड्स स्कूल तथा एक मैरिज पैलेस हैं। यहां से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा रतन कॉम्पलेक्स, मोहल्ला महायचान सहित अनेकों स्थानों पर पानी भरा हुआ है। इसी तरह नारनौल के मोहल्ला पुरानी सराय, सैन चौक, जमालपुर, नई मंडी, पार्क गली, नगर परिषद के सामने आदि निचले इलाकों में बारिश का पानी जमा हो गया है।

सिटी टू फीडर की बिजली सप्लाई रही बाधित
बारिश के कारण शहर में बिजली कई घंटे बाधित रही। सबसे अधिक परेशानी तो सिटी टू के अंतर्गत आने वाले मोहल्ले एवं कॉलोनीवासियों को हुई। सिटी टू में सुबह 4 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली गुल रही। बिजली अधिकारियों का कहना है कि बारिश के कारण दो तीन जगह पर फाल्ट हो गए थे। इसके अलावा पेड़ों की शाखाएं तारों पर गिर गई। इन शाखाओं को काटने का कार्य भी शहर में चल रहा था। जिसकी वजह से बिजली सप्लाई बाधित रही।
कपास के खेतो में पानी जमा न होने दें
कृषि विभाग के एसडीओ अजय सिंह यादव ने बताया कि क्षेत्र में हल्की-हल्की हो रही बारिश कपास और बाजरे की फसल के लिए काफी लाभदायक है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि कपास के खेतों में पानी जमा न होने दें। अगर खेत में पानी जमा रहेगा तो पौधा मर जाएगा।
विज्ञापन


गांव करीरा की गलियों में भरा पानी
महेंद्रगढ़। गांव करीरा में बारिश का पानी गलियों में भर गया है। गांव के पंच विजयपाल ने बताया कि जोहड़ की खुदाई लंबे समय से नहीं हुई है इसकी वजह से पानी हमेशा रास्ते में भरा रहता है। सोमवार से हो रही बारिश से लोगों की समस्या और बढ़ा दी है। सरपंच राकेश यादव ने बताया कि जोहड़ से पानी निकासी के लिए एसडीओ व जेई ने भी मौका मुआयना किया है। हल्के की विधायक संतोष यादव ने भी जल निकासी के लिए ग्रांट की घोषणा भी कर रखी है। इसके बाद भी समस्या का समाधान नही हो रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें