नारनौल। राजकीय महाविद्यालय और महिला महाविद्यालय में दाखिले के लिए लगातार आवेदन आ रहें हैं। सत्र 2024-25 में दाखिले राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत किए जा रहें हैं। इसके तहत दाखिला प्रक्रिया और पाठ्यक्रम में भी बदलाव किया गया है।
नारनौल के राजकीय महाविद्यालय और महिला महाविद्यालय में दाखिले के लिए अब तक करीब 3097 छात्रों ने आवेदन किया है। राजकीय महाविद्यालय के 6 कोर्स की 1540 सीट के लिए अब तक करीब 2013 आवेदन किए जा चुके हैं। वहीं महिला महाविद्यालय के 4 कोर्स की 1200 सीट के लिए अब तक करीब 1084 आवेदन किए जा चुके हैं। राजकीय महिला महाविद्यालय नारनौल के प्रवेश नोडल अधिकारी प्रो. सुनील कुमार ने बताया कि सभी छात्राओं को सूचित किया जाता है कि वे स्नातक के फार्म भरते समय केवल तीन ही मेजर विषय चुने बाकी के विषय कॉलेज स्तर पर दिये जाएंगे। विश्वविद्यालय के नये आर्डिनेंस के अनुसार इस वर्ष 12वीं कक्षा में एक विषय में रि-अपियर वाली छात्राएं भी कुछ शर्तों के साथ आवेदन कर सकती है। अब दाखिले के लिए आवेदन करने के मात्र 4 दिन शेष हैं।