नारनौल। राज्य सरकार के निर्देशानुसार लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त मोनिका गुप्ता की अध्यक्षता में शुक्रवार को 168 नागरिकों ने शिकायतें रखी। इनमें से अधिकतर शिकायतों का मौके पर समाधान किया।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की समस्याओं को जल्द से जल्द निपटाने के प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देश पर जिला व उपमंडल स्तर पर कार्य दिवस पर सुबह 9 से 11 बजे तक समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा, एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह तथा नगराधीश मंजीत कुमार के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
पीपीपी का अलग कैंप लगाकर किया जा रहा समाधान
हरियाणा सरकार के निर्देश पर लग रहे समाधान शिविरों में नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है। शुक्रवार को समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल करवा ने परिवार पहचान पत्र के लिए डीसी कोर्ट में अलग से कैंप लगाकर मौके पर ही नागरिकों का समाधान किया।