स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले में 1744 जरूरतमंदों को शौचालय निर्माण के लिए पैसे जारी किए थे। इसमें से करीब 282 लोगों ने पैसे लेने के बाद भी शौचालय का निर्माण नहीं कराया है। अब इसे लेकर नप व नपा प्रशासन कड़ा कदम उठाने जा रहा है। ऐसे लोगों को काम पूरा करने को कहा गया है। नहीं तो संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिले को खुले में शौच मुक्त करने व स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर परिषद और नगर पालिका की ओर से लोगों को शौचालय बनवाने के लिए पैसे दिए गए थे। इसके लिए लोगों को शौचालय निर्माण कार्य कराने के साथ उसकी फोटो भी देनी थी। इसके बाद ही शौचालय निर्माण की अगली किस्त जारी की जाती है, लेकिन बहुत से लोगों ने सात हजार रुपये की पहली किस्त लेने के बाद काम पूरा नहीं कराया। ऐसे लोगों ने न तो शौचालय का निर्माण करवाया और न ही फोटो के साथ फाइल अगली किस्त के लिए नगर परिषद नारनौल में जमा करवाई। नप क्षेत्र में 23 लोगों ने पैसे लेने के बाद काम नहीं कराया है। हाल में इस कार्य की समीक्षा डीएमसी डॉ. जेके आभीर ने की थी। जिसमें ऐसे लोगों को काम पूरा कराने को कहा गया था। साथ ही जो लोग काम नहीं करा रहे, उन पर कानूनी कार्रवाई करने के लिए संबंधित को कहा था। हालांकि नप प्रशासन द्वारा पहले भी ऐसे लोगों को नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद भी लोगों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। बता दें कि शहर में जिसके पास शौचालय नहीं था, उनके आवेदन मिलने पर पैसे दिए गए थे।
सबसे अधिक महेंद्रगढ़ में
शौचालयों के लिए संबंधित से आवेदन मांगा गया था। इसमें जांच के बाद जरूरतमंदों को पैसे जारी हुए थे। नारनौल में 491 को पैसा दिया गया था, नांगल चौधरी-678, अटेली-75, कनीना-124 व महेंद्रगढ़ में 376 को पैसे दिए गए थे। महेंद्रगढ़ में 184 ने काम नहीं कराया है। नारनौल में 23 व अटेली में पांच लोगों ने पैसे लेने के बाद काम पूरा नहीं कराया है।
जरूरतमंदों को शौचालय बनवाने के लिए पैसे जारी हुए थे, लेकिन, कइयों ने नहीं बनवाया है। डीएमसी के दिशा-निर्देश में आगे का कदम उठाए जा रहा हैं। यदि लोग काम पूरा नहीं कराते तो उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दीपक कुुमार दुुबे, सिटी टीम लीडर स्वच्छ भारत मिशन नारनौल
यूएलबी स्वीकृत शौचालय पूरा हो चुके अधूरे
नारनौल 491 468 23
नांगल चौधरी 678 626 57
अटेली 75 62 13
कनीना 124 119 5
महेंद्रगढ़ 376 192 184
कुुल 1744 1462 282