जींद। बुधवार रात 10 बजे से शुरू हुई बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से जिले में बिजली संकट गहरा गया है। शहर की 50 कॉलोनियों और 300 गांवों में से 240 गांवों में वीरवार रात 11 बजे तक बिजली गुल रही। पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई और लोगों को पीने के पानी से लेकर रोजमर्रा के जरूरी कामों तक के लिए परेशानी झेलनी पड़ी। बिजली निगम को 3460 शिकायतें मिलीं लेकिन एक का भी समाधान नहीं हुआ।
जिले में गांव व शहर में बिजली आपूर्ति के लिए कुल 215 फीडर हैं जिनमें से 200 बंद हैं। शहर के सेक्टर 6 और 8 में बिजली बहाल है। बाकी पूरे शहर में ब्लैकआउट रहा। जुलाना, सफीदों, उचाना, अलेवा, पिल्लूखेड़ा और उझाना ब्लॉक के गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। नरवाना के कुछ गांवों और शहर के कुछ हिस्सों में थोड़े समय के लिए बिजली बहाल हुई लेकिन जिले में सामान्य आपूर्ति शुरू करने की व्यवस्था नहीं बन पाई।
सरकारी कार्यालयों में भी बिजली संकट के कारण व्यवस्था चरमरा गई। जनरेटर की मांग बढ़ने से किराया 800 रुपये प्रतिदिन से बढ़कर 1800 रुपये तक पहुंच गया। पेट्रोल पंपों पर डीजल के लिए भी लोगों को ज्यादा खर्च करना पड़ा। बिजली संकट का असर सरकारी कामकाज पर भी पड़ा।
दफ्तरों में सरकारी काम से पहुंचे लोगों को भी निराश होकर लौटना पड़ा : समाज कल्याण विभाग, जनस्वास्थ्य विभाग, बिजली निगम, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, बीडीपीओ कार्यालय और श्रम विभाग समेत अधिकतर कार्यालयों में जनरेटर की व्यवस्था नहीं थी।
इन्वर्टर भी दोपहर से पहले जवाब दे गए। कार्यालयों में अंधेरा छा गया और कंप्यूटर, इंटरनेट व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद हो गए। कई कार्यालयों में कर्मचारी अपनी सीटों से नदारद रहे। सरकारी काम से पहुंचे लोगों को भी निराश होकर लौटना पड़ा।
वहीं शहर के सुंदर नगर, शीतलपुरी कॉलोनी, शिव कॉलोनी, श्याम नगर, संत नगर, जवाहर नगर, सुभाष नगर, रेलवे रोड समेत 50 कॉलोनियों में बिजली गुल रही। वहीं जिले के गांव रायचंदवाला, अलेवा, संडिल, आलन जोगी खेड़ा, खानपुर, कर्मगढ़, सिवाह, हैबतपुर, खोखरी, मुआना, सिंघाना, रामपुरा समेत 240 गांव में बिजली गुल रही।
22जेएनडी18: समाज कल्याण विभाग कार्यालय में बिजली नहीं होने के कारण छाया अंधेरा। संवाद
22जेएनडी18: समाज कल्याण विभाग कार्यालय में बिजली नहीं होने के कारण छाया अंधेरा। संवाद
22जेएनडी18: समाज कल्याण विभाग कार्यालय में बिजली नहीं होने के कारण छाया अंधेरा। संवाद