अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। जिला नागरिक अस्पताल की नई बिल्डिंग छह मंजिला होगी। इसे आयुष विंग और हॉस्टल की ओर बनाया जाएगा। नई बिल्डिंग बनाने के बाद पुरानी बिल्डिंग गिराई जाएगी।
जिला नागरिक अस्पताल का भवन जर्जर हो चुका है। कई जगहों पर प्लास्टर टूट-टूट कर गिर रहे हैं। ऐसे में अस्पताल के लिए नए भवन का बनाया जाना है। दूसरी ओर पिछले साल सरकार ने 100 बेड के अस्पताल का दर्जा बढ़ाकर 200 बेड कर दिया था। ऐेसे में नया भवन अब 200 बेड के हिसाब से बनाया जाना है। इसी को लेकर चंडीगढ़ से चीफ आर्किटेक्ट ने सोमवार को जिला अस्पताल का दौरा किया। आर्किटेक्ट ने नए भवन बनाने के लिए जगह के बारे में जानकारी ली। दूसरी ओर एमएस डॉ. आशा शर्मा ने अस्पताल के सभी विंग/वार्डों के बारे में जानकारी मांगी है। जिससे उसी अनुसार ने नए भवन को डिजाइन किया सके। एमएस डॉ. आशा शर्मा ने बताया कि अस्पताल के सभी डॉक्टरों से बैठक कर इस बारे में जानकारी ली गई है। उन्होंने बताया कि नया भवन 200 बेड के अस्पताल को देखकर बनाया जाएगा। डिप्टी एमएस डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि छह मंजिला भवन बनाए जाने की उम्मीद है। बात दें कि जिला अस्पताल नारनौल का भवन 47 साल पुराना हो चुका है। पीडब्ल्यूडी ने भवन की मरम्मत के बजाय अस्पताल के भवन को गिराकर नया भवन बनाने की सलाह दी थी।