अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल।
कांग्रेस के युवा जिलाध्यक्ष कृष्ण राव ने रविवार को नारनौल के वार्ड नंबर 10 में पकौड़े तल कर प्रधानमंत्री द्वारा रोजगार को लेकर दिए गए ब्यान का विरोध जताया। कृष्ण राव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने चुनाव से पहले दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वायदा किया था, लेकिन भाजपा का कार्यकाल खत्म होने को है पर अभी तक नाममात्र युवाओं को ही रोजगार दे पाई है।
उन्होंने कहा कि जो युवा साथी अपना समय, मेहनत और पैसा लगाकर अपनी डिग्रियां प्राप्त करते हैं, क्या उन डिग्रियां पर पकौड़े बेचने का काम करेंगे। उच्च शिक्षा प्राप्त करने व बड़े बड़े संस्थानों में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद भी युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। वहीं प्रधानमंत्री पकौड़े बेचना भी एक रोजगार बता रहे हैं। हरियाणा में ना तो कोई बड़ी भर्ती की है और ना ही कोई बड़ा प्रोजेक्ट आया है। उन्होंने सरकार के बजट 2018 से ना केवल युवा वर्ग बल्कि हर वर्ग को बहुत सी उम्मीदें थी। परंतु बजट में सभी लोगों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। वित्त मंत्री द्वारा देश भर में 70 लाख युवाओं के लिए रोजगार के साधन उपलब्ध करवाए जाने की बात भी सिर्फ एक जुमला है, क्योंकि प्रधानमंत्री पहले ही 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वायदा कर चुके हैं। इस मौके पर हरीश कोली, मनोज, तोताराम, धर्मेंद्र, बलविंद्र, सूबे सिंह, रवींद्र हुडिना, ईश्वर सेका, हरदीप, लोकेश गांधी, शंकर बडग़ांव, जीतू मूलोदी, सुल्तान सिंह, संदीप, मुकेश आदि युवा मौजूद थे।