श्रद्धांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को याद किया
नसीबपुर स्थित राव तुलाराम के शहीदी स्मारक पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
फोटो नंबर 03 व चार
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। शहीदी दिवस के अवसर पर वीरवार को नसीबपुर स्थित राव तुलाराम के शहीदी स्मारक पर विभिन्न राजनेताओं के साथ-साथ अनेक संस्थाओं के लोगों ने शहीदों को पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी।
इसी कड़ी में सबसे पहले पूर्व स्वास्थ्य मंत्री राव नरेंद्र सिंह ने नसीबपुर स्थित राव तुला राम के शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि शहीद हमारे लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि अकेले कारगिल युद्ध में हरियाणा के 80 सैनिकों ने शहादत दी थी। जो देश के अन्य राज्यों की तुलना में सर्वाधिक थी। हमें वीर शहीदों के बलिदान से सीख लेनी चाहिए, शहीदों का जीवन हमारा पथ प्रदर्शक होता है। इस मौके पर पुरुषोत्तम, धर्मेंद्र, जयपाल सरपंच, वीरेंद्र बोहरा, पतराम मांदी, राजेंद्र रामपुरा, वीरेंद्र सिहमा, कृष्ण ठेकेदार पवन ठेकेदार, पिंकी नसीबपुर, जगन सिंह, भोलाराम सरपंच, सरजीत सिंह, भारत भूषण आदि ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
वहीं, नसीबपुर के शहीदी स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए इनेलो के वरिष्ठ नेता राव होशियारसिंह ने कहा कि 16 नवंबर 1857 की नारनौल से लगते नसीबपुर के मैदान में आजादी के लिए 5 हजार अनाम जांबाज शहीदों ने एक साथ कुर्बानी दी थी। किसी भी युद्ध में एक साथ 5 हजार देशभक्तों की कुर्बानी देने का श्रेय सिर्फ यहां के रणबाकुंरों के नाम ही दर्ज है। फिरंगियों की सेना को जो टक्कर यहां के वीर सपूतों ने राव तुलाराम के नेतृत्व में दी, उसका वर्णन अंग्रेज इतिहासकार मालेसन ने इन शब्दों में किया है कि ‘हिंदुस्तानी इतनी वीरता व साहस के साथ पहले कभी नहीं लड़े, उनका साहस प्रशंसनीय था’। इसके साथ ही लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य सतबीर सिंह बडेसरा, बजरंगलाल अग्रवाल, पिछड़ा वर्ग के प्रदेश महासचिव ओमप्रकाश सोनी, सुभाष चौधरी, विजयसिंह जोगी, लीलाराम, विजय कुमार, योगेश सोनी, बिल्लू नीरपुर आदि ने भी शहीदों को पुष्प अर्पित किए।
नारनौल के नसीबपुर शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि देते इनेलो नेता।