नारनौल/महेंद्रगढ़। घरेलू गैस सिलिंडर के कॉमर्शियल उपयोग पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने रविवार को भी शहर में छापेमारी की। टीम ने घरेलू गैस सिलिंडर का कॉमर्शियल उपयोग करते पाए जाने पर नौ सिलिंडर जब्त किए। टीम ने तालाब बहादुर सिंह रोड, राजीव चौक, किला रोड, बहरोड रोड, आजाद चौक, मानक चौक व मेहता चौक पर अभियान चलाया।
सहायक खाद्य आपूर्ति नियंत्रक अरुण सैनी ने बताया कि अवैध रूप से घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ अब सख्ती होगी। इसी कड़ी में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी की गई। इसके तहत महेंद्रगढ़ से 12 और नारनौल से 9 सिलिंडर जब्त किए गए।
उन्होंने बताया कि सरकार ने अब व्यावसायिक जरूरतों के लिए उचित माध्यमों से कॉमर्शियल सिलिंडरों की उपलब्धता को और सुगम बना दिया है। ऐसे में व्यापारियों और नागरिकों को किसी भी प्रकार से घबराने या पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है।
विभाग का प्रयास है कि नियमों का पालन करने वाले किसी भी व्यक्ति को परेशानी न हो लेकिन जो लोग कानून का उल्लंघन कर घरेलू गैस को व्यावसायिक कार्यों में इस्तेमाल करेंगे, उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नारनौल टीम में रवि कुमार इंस्पेक्टर, केशव सब इंस्पेक्टर, मनीष गुर्जर सब इंस्पेक्टर व कुलदीप शर्मा थे जबकि महेंद्रगढ़ टीम ब्रह्मा देवी इंस्पेक्टर व प्रवीण कुमार इंस्पेक्टर शामिल रहे।
महेंद्रगढ़ से जब्त सिलिंडरों को विभाग के नियमानुसार शहीद लेखराम गैस एजेंसी सतनाली रोड को सौंप दिए गए। टीम में खाद्य आपूर्ति विभाग से बिरमा देवी निरीक्षक, प्रवीण यादव, सतबीर उप निरीक्षक ने पुलिस टीम को साथ लेकर नारनौल-दादरी मार्ग पर होटलों, ढाबों व व्यवसायिक क्षेत्रों पर छापामारी की।
एजेंसियों पर नहीं टूटी लाइन
गैस सिलिंडरों की मारामारी को लेकर रविवार को भी शहर की एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की कतार लगी रही। गैस एजेंसियों पर लाइन में लगे लोगों को गैस भी मिल रही थी। परेशानी केवल उन्हीं लोगों को रही जिनकी बुकिंग का समय अभी पूरा नहीं हुआ था। एजेंसी संचालकों का कहना है कि बुकिंग के बाद लोग इंतजार नहीं कर रहे अन्यथा दो-तीन दिन के अंतराल में सिलिंडर पहले की तरह घरों पर भी सप्लाई किए जा सकते हैं।
जिले में एलपीजी गैस की नहीं कोई कमी : उपायुक्त
उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने जिले के नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। उपायुक्त ने लोगों से आह्वान किया कि वे किसी भी तरह की आपाधापी से बचने के लिए सरकार और कंपनियों द्वारा उपलब्ध करवाए गए आधिकारिक नंबरों पर ही अपनी बुकिंग करवाएं। ऑनलाइन और डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते हुए उपभोक्ता अपनी कंपनी के अनुसार बुकिंग कर सकते हैं।
यहां से बुक कर सकते हैं सिलिंडर
एचपी गैस के उपभोक्ता 8888823456 पर या मिस कॉल के लिए 9493602222 का प्रयोग कर सकते हैं। इसी प्रकार इंडियन गैस के लिए 7588888824 नंबर और मिस कॉल के लिए 8454955555 जारी किया गया है। भारत गैस के उपभोक्ता बुकिंग के लिए 7718012345 या 7715012345 पर संपर्क कर सकते हैं, जबकि मिस कॉल सेवा के लिए 7710955555 नंबर का उपयोग किया जा सकता है।