अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। सरसों की खरीद नारनौल की पुरानी अनाज मंडी में होगी। बुधवार तक मंडी में सीसीटीवी और किसानों के लिए पीने के पानी समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी है। 28 मार्च से जिले की छह मंडियों में सरसों की खरीद होगी।
नारनौल में नई व पुरानी अनाज मंडियां है। पहले बाजरे की खरीद नांगल चौधरी रोड स्थित पुरानी मंडी हुई थी। लेकिन, कारोबारियों के विरोध के कारण प्रशासन को पुुरानी मंडी में खरीद करानी पड़ी थी। ऐसे में इस बार भी प्रशासन कारोबारियों के विरोध को देखते हुए पुरानी मंडी में सरसों की खरीद कराने का फैसला लिया है। ऐसे में मंडी में सीसीटीवी कैमरे और किसानों के लिए पानी समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी है। नारनौल मार्केट कमेटी के चेयरमैन जेपी सैनी ने बताया कि टोकन के लिए एक कमरा किराए पर लिया गया है। मेन गेट पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। मंडी में सफाई कराई गई है और पानी के पानी के लिए फ्रिज ठीक करा दिया गया है। दूसरी ओर महेंद्रगढ़ में हैफेड के डीएम ने कारोबारियों के साथ बैठक पर खरीद पर चर्चा की।
गेट पास के लिए किसान स्वयं या उसकी पत्नी, बेटे या बेटी का होना जरूरी
डीसी डॉ. गरिमा मित्तल ने बताया कि सरसों की खरीद को सुचारु व नियमित रूप से करने के लिए किसानों से तिथि अनुसार जिले की विभिन्न मंडियों में सरसों की खरीद की जाएगी। किसान सरसों की दी गई तिथि के अनुसार बेचने के लिए खरीद केंद्र पर लाएं। डीसी ने कहा कि किसान सरसों निर्धारित मापदंडों के अनुसार हो तो ही खरीद केंद्र पर लाएं अन्यथा खरीद नहीं की जाएगी। नियमानुसार प्रति एकड़ 6.5 क्विंटल व अधिकतम एक किसान से 25 क्विंटल तक ही सरसों खरीदी जाएगी। किसान साथ में गिरदावरी की कापी जो कि हलका पटवारी द्वारा प्रमाणित हो व खाता नंबर के साथ यह भी दर्शाया गया हो कि किसान ने अपनी जमीन में कितनी सरसों की बुआई की है। बैंक खाता नंबर की फोटो कापी, आईएफएससी कोड व अन्य कागजात साथ लाए। पहचान के लिए किसान स्वयं सत्यापित आधार कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, राशन कार्ड व वोटर आईडी कार्ड की कापी लेकर आएं। डीसी ने बताया कि गेट पास कटवाने के समय किसान स्वयं या उसकी पत्नी, पुत्र व बेटी का होना आवश्यक है।
किसान इन बातों का रखें ध्यान
- सरसों में नमी आठ प्रतिशत से ज्यादा ना हो
- कच्चा झुर्रीदार और अविकसित चार प्रतिशत
- क्षतिपूर्ति व धुन दो प्रतिशत
- अशुद्धता व अन्य सहित दो प्रतिशत
- दूसरे बीजों के साथ मिलावट 10 प्रतिशत
- छोटे कुश बीज 10 प्रतिशत से ज्यादा न हो
इन मंडियों में होगी खरीद
नारनौल- पुरानी अनाज मंडी में 28 मार्च को गांव थाना, कारोली, कुलताजपुर, हसनपुर व रघुुनाथपुरा, 29 मार्च को गांव रामबास, खटोटी खुर्द, हमीदपुर, खटोटी सुलतानपुर व खोड़मा गांव के किसानों की सरसों खरीद होगी। 30 मार्च को उपरोक्त गांवों के शेष किसानों की सरसों खरीदी जाएगी।
नांगल चौधरी- 28 मार्च को पवेरा, नापला, सरेली, गांवडी जाट व छिलरो गांव, 29 मार्च को नांगल चौधरी, नांगल कालिया, नांगल नुनिया, शहबाजपुर व मोहनपुर गांव के किसानों की सरसों खरीद होगी। 30 मार्च को सभी गांवों के किसानों की सरसों खरीदी जाएगी।
महेंद्रगढ़- 28 मार्च को गांव आदलपुर, अकबरपुर नांगल, अनावास, बचीनी व बैरावास गांव,29 मार्च को देवास, बुडिन, बुंदेबाजनगर, देवनगर व छाजियावास गांव के किसानों की सरसों खरीदी जाएगी। 30 मार्च को सभी गांवों के बचे हुए किसानों की सरसों खरीदी जाएगी।
सतनाली- 28 मार्च को बारडा,बासडी, बास, बीरसिंहबास व डालनवास गांव,29 को सोहडी, सुरेहती जाखल, सुरेहती मोडियान, सुरेहती पिलानिया व श्यामपुरा गांवों के किसानों की सरसों खरीदी जाएगी। 30 मार्च को उपरोक्त गांवों के बचे हुए किसानों की सरसों खरीदी जाएगी।
अटेली- 28 मार्च को गांव गुजरवास, हसनपुर, कांटी, कारिया व खारीवाड़ा गांव,29 मार्च को रामपुरा, श्यामपुरा, सुरानी, तोबड़ा व नीरपुर गांव के किसानों की सरसों खरीद की जाएगी। 30 मार्च को उपरोक्त गांवों के बचे हुए किसानों की सरसों खरीदी जाएगी।
कनीना- 28 मार्च को दौंगड़ा अहीर, दौंगड़ा जाट, कलवाड़ी, मुंडिया खेड़ा व झिंगावन गांव के किसानों की सरसों खरीद की जाएगी। 29 मार्च को बेवल, खैराना, मोडी, गोमला व गोमली गांव के किसानों की सरसों की खरीद होगी। 30 मार्च को उपरोक्त गांवों के बचे हुए किसानों की सरसों खरीदी जाएगी।
हैंडलिंग एजेंट के लिए मांगे दो लाख नगदी और पांच लाख का चेक
सरसों की खरीद को लेकर कारोबारी बुधवार को मार्केट कमेटी के चेयरमैन जेपी सैनी से मिले। खाद्यान्न एसोसिएशन के प्रधान पुष्करमल, मनोज गर्ग, देवी सहाय,रमेेश सिंगला समेत अन्य ने बताया कि को-आपरेटिव सोसाइटी सरसों की खरीद के लिए हैंडलिंग एजेंट बनाने के लिए आढ़तियों से दो लाख नगदी और पांच लाख रुपये का चेक मांग रही है। उनका कहना है कि प्रदेश के अन्य जिलों में ऐसा नहीं है। कई आढ़ती दो लाख रुपये नहीं दे सकते। ऐसे में पैसे व चेक लेने की बाध्यता को हटाया जाए। जेपी सैनी से इस पर डीसी से बात करने समस्या के समाधान कराने की बात कही है।