अमर उजाला ब्यूरो
सतनाली मंडी। खंड के गांव जवाहरनगर में स्टेडियम के ऊपर से गुजर रहे जर्जर हाईटेंशन लाइन के तार को बदलने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सतनाली-लोहारू सड़क मार्ग पर जाम लगा दिया। थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद करीब छह बजे जाम खोल दिया। शाम करीब 5:15 बजे ग्रामीणों की ओर से लगाए गए जाम की सूचना के बाद थाना प्रभारी राजेंद्र कौशल मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या सुनी।
बिजली निगम के एक्सईएन बुधराम पंवार से मोबाइल पर बात कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। शाम करीब छह बजे ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के खेल मैदान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तार जर्जर हो चुके हैं। सोमवार शाम इस लाइन का तार टूटकर गिर गया था। जिस तार गिरा उस समय खिलाड़ी अभ्यास कर लौट चुके थे। अगर कुछ देर पहले तार गिरा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने जर्जर तारों को बदलवाने और लाइन को मैदान से बाहर करने की मांग की। बिजली निगम के एक्सईनए बुधराम पंवार ने कहा कि इस बारे में मुख्यालय को सूचित कर दिया है। जल्द ही एस्टीमेट बनाकर काम शुरू करा दिया जाएगा। लाइन को खेल मैदान से बाहर के एरिया में स्थानांतरित करने पर भी विचार किया जाएगा।