अमर उजाला ब्यूरो
सतनाली मंडी। सतनाली में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने कस्बे में सीवरेज लाइन डालने का काम शुरु दिया। कस्बे में करीब 30 किलोमीटर क्षेत्र में सीवरेज डाली जाएगी। प्रोजेक्ट पूरा होने के लोगों को कीचड़ की समस्या से राहत मिलेगी। सीवरेज लाइन डालने के काम का विधिवत् शुभारंभ सरपंच प्रतिनिधि होशियार सिंह, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ प्रदीप यादव, जेई महेश, कांट्रेक्टर विकास बडेसरा ने लोहारू रोड क्षेत्र स्थित कॉलोनी में गड्डा खोदकर किया।
सरपंच प्रतिनिधि होशियार सिंह ने बताया कि कस्बे में सीवरेज व्यवस्था नहीं होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पंचायत की ओर से करीब आठ एकड़ भूमि चिह्नित कर प्रस्ताव पास किया था। जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ प्रदीप यादव ने बताया कि सरकार ने सतनाली कस्बे में सीवरेज लाइन डालने के काम को स्वीकृति प्रदान की थी। सतनाली में लगभग 7.61 करोड़ रुपये की लागत से इस काम को पूरा किया जाएगा। कस्बे में करीब 30 किलोमीटर क्षेत्र में सीवरेज लाइन डाली जाएगी। करीब 6500 मीटर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति लाइन डाली जाएगी। बुधवार को कार्य का शुभारंभ किया गया है। कार्य पूरा करने के लिए एक वर्ष का समय संबंधित कांट्रेक्टर को दिया गया है।