अमर उजाला ब्यूरो
मंडी अटेली। गांव मुंडियाखेड़ा में जिला प्रशासन की ओर से लगाए जाने वाले खुले दरबार से एक दिन पहले ही ग्रामीणों ने गांव के पावर हाउस पर ताला लगा दिया। खुले दरबार में जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों के सामने निगम की किरकिरी ना हो इसलिए निगम बिजली के जर्जर तारों को हटाने का काम शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव कलवाड़ी में एग्रीकल्चर लाइन पिछले 84 घंटों से बाधित होने के बावजूद विभाग द्वारा कोई समाधान ना करने पर रविवार को किसानों का धैर्य जवाब दे गया। बिजली समस्या के समाधान और जर्जर हुए तारों को बदलवाने की मांग को लेकर कलवाड़ी के किसानों ने रविवार सुबह मुंडियाखेड़ा स्थित 132 केवी के पावर हाउस को ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गए।
किसानों ने बताया कि इस बारे में निगम अधिकारियों को कई बार सूचित किया जा चुका है लेकिन लापरवाही के चलते पिछले काफी सालों से समस्या बनी हुई है। पावर हाउस की तालाबंदी कर धरने पर बैठे किसानों को सूचना मिलने के बिजली निगम के महेंद्रगढ़ डिविजन के कार्यकारी अभियंता बुधराम पंवार, एसडीओ अटेली जय गोपाल, नारनौल ग्रामीण एसडीओ निरंजन सिंह व जेई आनंद दोपहर 12 बजे मौके पर पहुंचे व धरने पर बैठे किसानों से समझाने को प्रयास किया। दूसरी ओर किसानों ने अपनी मांगों पर अडिग रहे और कहा कि जब तक जर्जर हो चुके तारों को नहीं बदला जाता तब तक वे ना तो ताला खोलेंगे और ना ही धरने से हटेंगे।
इस दौरान अजीत सिंह यादव ने निगम के एसई नवीन वर्मा नारनौल से बात कर नए तार मंगवाकर तुरंत प्रभाव से जर्जर तारों को बदलने की मांग की। जिस पर निगम द्वारा नए तार मंगवाकर जर्जर तारों को बदलने का काम शुरू किया गया। तब जाकर किसानों ने पावर हाउस का ताला खोला और धरने को समाप्त किया। इस मौके पर कलवाडी के सरपंच कर्णसिंह, पूर्व सरपंच अजीत, भगवान पंच, सूबेदार सिंह, राजाराम पंच, धर्मेंद्र यादव, सतीश कुमार, अरविंद, शीशपाल पंच, राकेश यादव, सुंदर लाल, कमल कलवाड़ी, पुखराज, रामचंद्र यादव, शेरसिंह, रोहताश, विजयपाल, अर्जुन सिंह आदि मौजूद थे। दूसरी ओर जर्जर बदलने के दोरान तार टूटकर अचानक खेतों में गिर गए। जिससे वहां खेतों में काम रही महिला और खेत में पाइप लाइन बदलने का कार्य कर रहे किसान रामचंद्र व रोहताश बाल-बाल बच गए।
--------
-उक्त समस्या के बारे में किसानों द्वारा लिखित में शिकायत नहीं दी गई थी जिसके कारण उनकी जानकारी में मामला नहीं था। मौके पर पहुंचकर वास्तविकता को देखा है तो किसानों की समस्या जायज है। निगम द्वारा तुरंत ही नए तार मंगवाकर जर्जर तारों को बदला जा रहा है। दो दिन के अंदर तारों को बदलकर बिजली सप्लाई को सुचारू कर दिया जाएगा।
-बुधराम पंवार निगम कार्यकारी अभियंता, महेंद्रगढ़।