शहर की अधिकतर सड़कें टूटीं, खुले सीवर दे रहे हादसों का न्योता
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। शहर की टूटी सड़कें और खुले सीवर इनके टूटे ढक्कन हादसों का निमंत्रण दे रहे हैं। जबकि इन सभी का बारिश का सीजन होने की वजह से दो महीने बाद ही मरम्मत किया जा सकता है। ऐेसे में शहरवासियों को दो महीनों तक इन समस्याओं से परेशान होना पड़ेगा।
शहर में अनेक रोड टूटे हुए हैं। लोगों को इन सड़कों के सुधरने का इंतजार था लेकिन अब बारिश की वजह से दो माह के लिए काम भी रुक गया है। सड़क के अलावा शहर में अनेक जगह सीवर के ढक्कन भी टूटे हुए हैं, जो बारिश के मौसम में पानी भर जाने से दिखाई नहीं देते। इनमें गिरने का भी अब बारिश के मौसम में डर बना हुआ है। शहर की अनेक गलियों में सीवरेज का कार्य चल रह है। जिसके कारण शहर की अधिकतर गलियां खुदी हुई हैं। गलियां खुुदी होने के कारण बड़े-बड़े पत्थर रास्ते में बिखरे हुए हैं। इन पत्थरों की वजह से भी हादसा होने की संभावनाएं बनी हुई है।
मुख्य बाजार की सड़क भी टूटी
शहर के मुख्य बाजार की सड़क भी टूटी हुई है। यहां महावीर चौक से पुल बाजार व पुल बाजार से बजाजा बाजार तक की सड़क पूरी तरह टूट गई है। जिसके कारण बाजार में भी कई छोटे-छोटे गड्ढे बन गए हैं। महावीर मार्ग पर तो बारिश के मौसम में पानी जमा हो जाता है। जिससे इन गड्ढों का पता ही नहीं चलता। पैदल चलने वालों के अलावा दुपहिया वाहन चालक इन गड्ढों की वजह से भरे हुए बारिश के पानी में नहीं चल सकते। पुल बाजार से नीचे बजाजा बाजार तक का भी कुछ यही हाल है।
यहां की सड़कें हैं टूटी
शहर का सैन चौक के पास रोड कई जगह से टूटा हुआ है। हालांकि इस रोड का निर्माण केवल दो साल पहले ही हुआ था लेकिन यहां पर पानी जमा होने तथा सीवर व पेयजल की लाइन ज्यादा होने के कारण यह रोड कई जगह से टूट गया है। इसके अलावा मुख्य बाजार का सारा रोड, मोहल्ला पुरानी मंडी का रोड, मिश्रवाड़ा का रोड, नाले के साथ मोहल्ला सलामपुरा व बड़का कुआं की ओर जाने वाला रोड, चांदुवाड़ा रोड, पार्क गली व सुभाष पार्क के साथ सेक्टर एक में जाने वाला रोड टूटा हुआ है। जिससे बारिश के मौसम में लोगों को परेशानी होती है।
अभी बारिश का मौसम शुरू हो गया है। ऐसे में सड़कों का निर्माण कार्य भी बंद है। बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद ही शहर के टूटे सभी सड़कों का निर्माण करा दिया जाएगा।
-भारती सैनी, चेयरपर्सन, नगर परिषद, नारनौल