छह फरवरी को होगा मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन
अमर उजाला ब्यूरो
अटेली। हरियाणा राज्य चुनाव आयोग द्वारा विधानसभा की अंतिम प्रकाशित फोटो युक्त मतदाता सूची 2018 को आधार मानकर अटेली नगरपालिका की फोटो युक्त मतदाता सूची तैयार की जाएगी। 6 फरवरी को इसका प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। अटेली नगरपालिका क्षेत्र का कोई भी नागरिक 12 फरवरी सांय तीन बजे तक अपने दावे व आपत्तियां पेश कर सकता है।
हरियाणा राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार दावे व आपत्तियों पर पुनरीक्षण अधिकारी द्वारा 21 फरवरी तक निपटारा किया जाएगा। इसके बाद इस निपटारे के संबंध में 24 फरवरी तक उपायुक्त के समक्ष अपील की जा सकती है। इसके बाद 12 मार्च को अटेली नगरपालिका की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।