आज रात 8 बजकर 16 मिनट पर होंगे चांद के दीदार
-दिन में सवा नौ से सवा बारह बजे के बीच सुनें कथा
-करवा चौथ आज, बाजारों में रही रौनक
-ब्यूटी पार्लर में सजने के लिए पहुंची महिलाएं
-कई जगह हुई मेहंदी प्रतियोगिताएं
फोटो नंबर 21 से 27
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। करवा चौथ का पर्व रविवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसको लेकर शनिवार को बाजारों में काफी रौनक दिखाई दी। महिलाएं दिन भर बाजार में खरीदारी करती नजर आईं। सबसे ज्यादा भीड़ सर्राफा, साड़ी की दुकान व ब्यूटी पार्लर पर देखी गई। वहीं गिफ्ट की दुकानों पर भी करवा चौथ को लेकर लोगों की खासी भीड़ रही। बाजार में कई दिनों बाद भीड़ होने से दुकानदार भी शनिवार को उत्साहित दिखे। नारनौल में रात 8.16 मिनट पर चांद के दीदार होंगे। वहीं पंडितों के अनुसार सुबह नौ बजकर 15 मिनट से 12.15 तक कथा सुनना सबसे शुभ रहेगा।
करवा चौथ के पर्व पर महिलाएं अपने सजना के लिए सजने-संवरने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए हैं। करवा चौथ के लिए ज्वेलरी की भी शनिवार को जमकर खरीदारी हुई। शनिवार को सर्राफा व्यवसायियों की दुकानें सजी दिखाई दीं। वहां महिलाओं की भीड़ लगी रही। महिलाएं भी टीवी चैनलों पर आने वाले विभिन्न सीरियलों और फिल्मों की अभिनेत्रियों के अनुरूप ही ज्वैलरी पसंद करती नजर आ रही हैं।
ब्यूटी पार्लर पर मेकअप व मेहंदी के लिए उमड़ी भीड़
करवा चौथ की पूर्व संध्या पर ब्यूटी पार्लर में भी खासी भीड़ दिखाई दी। सुबह से लेकर शाम तक शहर के जाने-माने ब्यूटी पार्लर में महिलाएं अपनी बारी के इंतजार में बैठी रही। ब्यूटी पार्लर में महिलाओं ने मेहंदी लगवाने के अलावा फेशियल कराया। अनेक महिलाओं ने पूरा मेकअप भी कराया।
साड़ियों की दुकानों पर भी रही खासी भीड़
करवा चौथ को लेकर साड़ियों की दुकानों पर भी खासी भीड़ देखी गई। दुकानदार मनोज अग्रवाल, विनोद कुमार, श्याम सुंदर, राहुल वर्मा आदि ने बताया कि इस सीजन में पहली बार महिलाओं की भीड़ देखी गई है।
-यह है कथा सुनने का सबसे शुभ समय
आचार्य क्रांति निर्मल के अनुसार इस बार आठ अक्टूबर को करवा चौथ का मुहूर्त है। इसके तहत सुबह सवा नौ बजे से दोपहर सवा बारह बजे तक कथा सुनना सबसे उपयुक्त रहेगा। उन्होंने बताया कि कथा सुनते समय पट्टे पर लाल कपड़ा बिछाकर करवे के साथ शिव पार्वती की पूजा करनी चाहिये। उन्होंने बताया कि रात को आठ बजकर 16 मिनट पर चंद्रोदय होगा।