नारनौल। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में शुक्रवार को आयोजित रोजगार मेले में 20 छात्रों का चयन किया गया। इसमें भिवाड़ी स्थित बैक्सी लिमिटेड कंपनी ने भाग लिया।
कंपनी प्रतिनिधि रामवीर सिंह यादव, दिनेश कुमार और सुरेंद्र सिंह का संस्थान पहुंचने पर स्वागत किया गया। प्लेसमेंट अधिकारी सुदर्शन कुमार ने बताया कि कंपनी प्रतिनिधियों की ओर से फीटर और मशीनिस्ट ट्रेड के अंतिम वर्ष के 35 छात्रों का साक्षात्कार लिया गया। इसमें से 20 छात्रों का चयन किया गया और छात्रों को ऑफर लैटर प्रदान किया गया।
प्राचार्य विनोद खनगवाल ने चयनित सभी छात्रों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि जिन छात्रों का चयन हुआ है वह परीक्षा देने के बाद अगले दिन से ही नौकरी पर जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि संस्थान में नियमित अंतराल पर जॉब मेले का आयोजन किया जाता रहता है ताकि योग्य छात्रों को बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें। इस अवसर पर कार्यालय अधीक्षक सत्यनारायण सिंह, मेजर विरेंद्र सेकवाल, अमित रंगा, जोनी यादव, मनदीप, जयप्रकाश सहित समस्त स्टाफ सदस्य व छात्र उपस्थित रहे।