फोटो संख्या:-64 हकेंवि का मुख्य द्वार---स्रोत हकेंवि
महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र 2025-26 से एमए हिंदू अध्ययन पाठ्यक्रम की पढ़ाई शुरू होगी।
विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं होटल प्रबंधन विभाग के अंतर्गत उपलब्ध इस पाठ्यक्रम के लिए सीयूईटी (पीजी) में हिंदू अध्ययन (परीक्षा पत्र कोड- एसीक्यूपी 8) के अंतर्गत प्रवेश परीक्षा देने वाले योग्य अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने पाठ्यक्रम को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य नवाचारपूर्ण शैक्षणिक अध्ययन, अनुसंधान और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से हिंदू अध्ययन को जानना है।
उन्होंने बताया कि हिंदू अध्ययन एक बहुविषयक क्षेत्र है। जो विश्व के प्राचीनतम और प्रभावशाली हिंदू धर्म के आध्यात्मिक, ऐतिहासिक, दार्शनिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक पहलुओं को गहराई से जानने-समझने का अवसर प्रदान करता है। इस पाठ्यक्रम के माध्यम से विश्वविद्यालय द्वारा युवाओं को भारतीय ज्ञान परंपरा के साथ-साथ रोजगार सृजन के मोर्चे पर भी प्रशिक्षण का अवसर प्रदान किया जाएगा।
विश्वविद्यालय में सीयूईटी के नोडल अधिकारी डाॅ. तेजपाल ढेवा ने बताया कि विश्वविद्यालय में एमए हिंदू अध्ययन पाठ्यक्रम के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता किसी भी विषय में कम से कम 50 प्रतिशत के साथ स्नातक व इसके समकक्ष पाठ्यक्रम अनिवार्य है। इसी क्रम में विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत दाखिले में आरक्षण भी उपलब्ध है। विश्वविद्यालय में एमए हिंदू अध्ययन के लिए 20 सीटें दाखिले के लिए उपलब्ध हैं।