फोटो संख्या:64- महेंद्रगढ़ बस स्टैंड के बाहर खड़े ऑटो--संवाद
महेंद्रगढ़। शहर के मुख्य बाजार से करीब दो किलोमीटर दूर लघु सचिवालय जाने के लिए यात्रियों से 20 रुपये लिए जा रहे हैं।
प्रतिदिन करीब एक हजार लोगों को ऑटो का सहारा लेना पड़ता है, जबकि लंबे समय से बस स्टैंड से लघु सचिवालय तक एक सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई जा रही है।
आमजन को छोटे-बड़े कामों के लिए 20 रुपये किराया चुकाना पड़ रहा है। प्रतिदिन करीब दो हजार लोग लघु सचिवालय आवागमन करते हैं। विभिन्न विभागों के कार्यालयों व दो महाविद्यालयों में औसतन दो हजार लोग एवं विद्यार्थियों को ऑटो का सहारा है।
प्रतिदिन लोगों पर करीब 50 हजार रुपये का अतिरिक्त भार पड़ रहा है। यादव सभा, ब्राह्मण सभा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं विद्यार्थियों की ओर से बस स्टैंड से लघु सचिवालय तक सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई जा रही है, लेकिन जिम्मेदार इस और ध्यान नहीं दे रहे हैं।
लोगों का कहना है कि बस स्टैंड से एक सिटी बस सेवा शुरू कर दी जाए तो राज्य परिवहन की आय भी बढ़ेगी तथा लोगों को ऑटो चालकों की मनमानी से छुटकारा मिलेगा। कई बार थोड़ी दूरी अधिक होने पर ही ऑटो चालकों द्वारा दस रुपये बढ़ाकर किराया 30 रुपये कर दिया जाता है।